रीवा के सुभाष तिराहे पर युवतियों और एक युवक के बीच मारपीट का वीडियो वायरल हुआ है। मामले में भाजपा नेत्री हेमलता सिंह के बेटे युवराज सिंह पर पीछा करने और धमकी देने के आरोप लगे हैं। पुलिस के मुताबिक, लिखित शिकायत मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।
रीवा। मध्य प्रदेश के रीवा में सड़क पर मारपीट और स्कॉर्पियो में तोड़फोड़ का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला चर्चा में है। घटना शहर के सुभाष तिराहे की बताई जा रही है। इस मामले में भाजपा नेत्री और पूर्व पार्षद हेमलता सिंह के बेटे युवराज सिंह का नाम सामने आया है।
वायरल वीडियो में युवक और युवतियों के बीच सड़क पर विवाद और मारपीट होती दिखाई दे रही है। वीडियो में एक युवक को युवती को सड़क पर पटकते हुए देखा जा सकता है। इसके बाद युवती भी युवक को थप्पड़ मारती नजर आती है। घटनाक्रम के दौरान स्कॉर्पियो में भी तोड़फोड़ किए जाने की बात सामने आई है।
युवती ने वीडियो जारी कर लगाए गंभीर आरोप
एक युवती ने वीडियो जारी कर आरोप लगाया है कि युवराज सिंह ने अटल पार्क से उसका पीछा किया और चाय की दुकान के पास उसे रोका। युवती का दावा है कि इस दौरान युवराज ने अपना नाम बताते हुए उससे कहा कि वह उसे पसंद करता है और उसे हासिल करके रहेगा, चाहे प्यार से या जबरदस्ती।
एएसपी ने शिकायत नहीं मिलने की कही बात
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, एडिशनल एसपी भावना मरावी ने बताया कि स्कॉर्पियो सवार युवकों द्वारा युवतियों के साथ छेड़खानी किए जाने की बात सामने आई है। इसका विरोध करने पर विवाद हुआ। हालांकि, अभी तक पुलिस को लिखित शिकायत नहीं मिली है। शिकायत मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
भाजपा नेत्री हेमलता सिंह ने की निष्पक्ष जांच की मांग
युवराज सिंह की मां हेमलता सिंह भाजपा की कुशाभाऊ ठाकरे मंडल अध्यक्ष और पूर्व पार्षद हैं। उन्होंने मामले में निष्पक्ष जांच और दोषी पाए जाने वाले व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि यदि युवतियों के साथ छेड़खानी हुई थी तो उन्हें पुलिस को सूचना देनी चाहिए थी, न कि गाड़ी में तोड़फोड़ करनी चाहिए थी। उन्होंने कहा कि वह अपने बेटे का पक्ष नहीं ले रही हैं और निष्पक्ष जांच चाहती हैं।
फिलहाल, मामले में दोनों पक्षों के आरोपों की जांच और पुलिस की आधिकारिक कार्रवाई का इंतजार है।

0 Comments