इंदौर के सुदामा नगर में तीन नकाबपोश बदमाशों ने सूने मकान का ताला काटकर करीब 25 लाख रुपये के हीरे और सोने के जेवर चोरी कर लिए। वारदात सीसीटीवी में कैद हुई है। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है।
इंदौर के सुदामा नगर में शुक्रवार सुबह चोरी की बड़ी वारदात सामने आई है। बाइक सवार तीन बदमाशों ने एक सूने मकान का ताला तोड़कर करीब 25 लाख रुपये के सोने-हीरे के जेवर चुरा लिए। वारदात अन्नपूर्णा थाना क्षेत्र के ए-सेक्टर की बताई जा रही है।
जानकारी के मुताबिक, मकान में रहने वाली 60 वर्षीय इंदु प्रकाश जैन बुधवार को अपनी बहन के साथ राऊ में रहने वाले भाई के घर गई थीं। घर खाली होने का फायदा उठाकर बदमाश शुक्रवार सुबह करीब 4:20 बजे पहुंचे। तीनों ने चेहरे पर रुमाल बांध रखे थे और मुख्य दरवाजे का ताला काटकर अंदर घुस गए।बदमाशों ने बेडरूम की अलमारी का लॉकर तोड़कर हीरे का हार सेट, हीरे के टॉप्स, सोने की चेन, अंगूठियां, चूड़ियां और ब्रेसलेट समेत अन्य जेवर चोरी कर लिए। इस दौरान वे टॉर्च की रोशनी में घर का सामान भी तलाशते रहे।
पड़ोस में रहने वाले प्रकाश जैन की पत्नी सपना ने घर में टॉर्च की रोशनी देखी। परिवार के लोगों ने आसपास के रहवासियों को जगाया। लोगों की हलचल बढ़ते ही तीनों बदमाश मौके से फरार हो गए।
सुबह करीब 5 बजे पड़ोसियों ने इंदु जैन को फोन कर चोरी की सूचना दी। सूचना पर अन्नपूर्णा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस को बदमाशों के सीसीटीवी फुटेज मिले हैं, जिनके आधार पर उनकी पहचान और तलाश की जा रही है।

0 Comments