इंदौर के लाभगंगा प्रदर्शनी केंद्र में प्लास्ट पैक 2026 एक्सपो शुरू हुआ। पहले दिन करीब हजारों की तादाद मे विजिटर्स पहुंचे। प्रदर्शनी में 450 से ज्यादा कंपनियां और 500 से अधिक स्टॉल शामिल हैं।
इंदौर। शहर के लाभगंगा प्रदर्शनी केंद्र में शुक्रवार से चार दिवसीय ‘प्लास्ट पैक 2026’ एक्सपो की शुरुआत हुई। इंडियन प्लास्ट पैक फोरम (IPPF) द्वारा मध्य प्रदेश औद्योगिक विकास निगम के सहयोग से आयोजित इस प्रदर्शनी में प्लास्टिक मैन्युफैक्चरिंग, पैकेजिंग, फार्मास्यूटिकल, कृषि और रिसाइक्लिंग से जुड़ी आधुनिक तकनीकों को प्रदर्शित किया जा रहा है।
एक्सपो में देश के 8 से अधिक राज्यों के 450 से ज्यादा प्रदर्शक शामिल हुए हैं। यहां 500 से अधिक स्टॉल लगाए गए हैं। इस बार आयोजन की थीम 'इनोवेशन टुवर्ड्स सस्टेनेबिलिटी, क्रिएटिंग अपॉर्चुनिटी' रखी गई है।
IPPF के अध्यक्ष सचिन बंसल ने कहा कि इंदौर, पीथमपुर और आसपास के औद्योगिक क्षेत्रों में प्लास्टिक एवं पैकेजिंग उद्योग का तेजी से विस्तार हो रहा है। प्लास्टिक अब केवल घरेलू उत्पादों और पैकेजिंग तक सीमित नहीं है, बल्कि फार्मास्यूटिकल, हेल्थकेयर, ऑटोमोबाइल और कृषि जैसे क्षेत्रों में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। उन्होंने बताया कि मध्य प्रदेश में 396 रजिस्टर्ड रबर एवं प्लास्टिक फैक्ट्रियां संचालित हैं, जबकि करीब 6 हजार करोड़ रुपये के निवेश वाली 105 नई और निर्माणाधीन परियोजनाएं इस क्षेत्र की संभावनाओं को दर्शाती हैं।
वहीं, प्लास्ट पैक 2026 के चेयरमैन जाहिद शाह ने बताया कि इस वर्ष प्रदर्शनी का दायरा पिछले संस्करण की तुलना में करीब 30 प्रतिशत बढ़ाया गया है। आयोजन का उद्देश्य उद्योग को आधुनिक तकनीकों के साथ पर्यावरणीय जरूरतों के अनुरूप आगे बढ़ाना है।
प्रदर्शनी में बायोडिग्रेडेबल और कंपोस्टेबल पैकेजिंग सामग्री, प्लांट बेस्ड मटेरियल, वाटर सॉल्युबल फिल्म्स और पेपर बेस्ड पैकेजिंग जैसे विकल्प प्रदर्शित किए गए हैं। इसके साथ ही पुराने प्लास्टिक से नए औद्योगिक उत्पाद तैयार करने, रिसाइकिल्ड मटेरियल से पैलेट बनाने और दोबारा इस्तेमाल होने वाले स्टोरेज बॉक्स व कंटेनर की तकनीकें भी शामिल हैं।
कृषि क्षेत्र के लिए वर्मी कंपोस्टिंग बेड, एजोला कल्टीवेशन बेड, मल्च फिल्म, ग्राउंड कवर और पॉलीहाउस में इस्तेमाल होने वाली सामग्री भी प्रदर्शनी में रखी गई है। इन तकनीकों के जरिए खेती में नमी बनाए रखने, खरपतवार नियंत्रण और जैविक खाद निर्माण जैसी जरूरतों को पूरा करने पर जोर दिया जा रहा है।

0 Comments