फूटी कोठी मंडी विवाद: रिमूवल टीम के सामने दंडवत हुए कांग्रेस नेता, आरती उतारकर जताया विरोध

इंदौर के फूटी कोठी में सब्जी मंडी हटाने के विरोध में विक्रेताओं का धरना दूसरे दिन भी जारी रहा। कांग्रेस नेताओं ने पीली गैंग के सामने दंडवत होकर आरती उतारी और कार्रवाई रोकने की अपील की।
इंदौर। फूटी कोठी चौराहे से पुरानी सब्जी मंडी हटाए जाने का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है। नगर निगम की कार्रवाई के विरोध में सब्जी विक्रेताओं का धरना रविवार को दूसरे दिन भी जारी रहा। इस विरोध प्रदर्शन में कांग्रेस नेताओं ने भी पहुंचकर विक्रेताओं का समर्थन किया।

रविवार को कांग्रेस नेता देवेंद्र यादव, विवेक खंडेलवाल सहित अन्य कार्यकर्ताओं ने नगर निगम की रिमूवल टीम यानी पीली गैंग के सामने अनोखे अंदाज में विरोध दर्ज कराया। नेताओं ने पहले कर्मचारियों को माला पहनाई और फिर उनके सामने साष्टांग दंडवत होकर आरती उतारी।

इस दौरान कांग्रेस नेताओं ने गांधीवादी तरीके से अपनी बात रखते हुए कहा कि गरीब सब्जी विक्रेताओं पर कार्रवाई कर उनकी रोजी-रोटी नहीं छीनी जानी चाहिए। उन्होंने अधिकारियों और भूमाफियाओं के दबाव में आकर गरीब दुकानदारों को परेशान नहीं करने की अपील भी की।

दरअसल, फूटी कोठी चौराहे पर वर्षों से लग रही सब्जी मंडी को नगर निगम ने शनिवार को हटाने की कार्रवाई की थी। इसके बाद से ही विक्रेता विरोध कर रहे हैं। दुकानदारों की मांग है कि उन्हें फूटी कोठी ब्रिज के नीचे ही पर्याप्त जगह दी जाए, ताकि वे अपना कारोबार जारी रख सकें।
फिलहाल मंडी हटाने को लेकर नगर निगम और सब्जी विक्रेताओं के बीच विवाद जारी है।

Post a Comment

0 Comments