बालाघाट के हिर्री गांव में मंडई मेले के दौरान चाउमीन और मंचूरियन खाने से 118 बच्चे बीमार हो गए। 45 बच्चों और 12 वयस्कों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। सभी मरीज खतरे से बाहर हैं।
बालाघाट। मध्य प्रदेश के बालाघाट जिले में मेले के दौरान चाउमीन और मंचूरियन खाना लोगों के लिए मुसीबत बन गया। खाने के कुछ देर बाद ही बड़ी संख्या में बच्चों की तबीयत बिगड़ने लगी। पेट दर्द और उल्टी की शिकायत के बाद 118 बच्चों को अस्पताल पहुंचाया गया।
मामला जिले के किरनापुर थाना क्षेत्र के हिर्री गांव का है। यहां 21 नवंबर को आयोजित मंडई मेले में बच्चों ने चाउमीन और मंचूरियन खाया था। इसके बाद कई बच्चों की तबीयत अचानक बिगड़ गई। सभी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र किरनापुर ले जाया गया।
डॉक्टरों ने बेहतर इलाज के लिए 45 बच्चों को जिला अस्पताल बालाघाट रेफर किया। वहीं 12 वयस्कों को भी जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। अन्य बच्चों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई।
घटना की जानकारी मिलने पर कलेक्टर आदित्य सिंह जिला अस्पताल पहुंचे और मरीजों का हाल जाना। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. शत्रुघ्न सिंह दाहिया के मुताबिक, अस्पताल में भर्ती सभी 45 बच्चे और 12 वयस्क खतरे से बाहर हैं।
कलेक्टर ने मेले में खाद्य सामग्री बेचने वाले संबंधित स्टॉल के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। प्रशासन मामले की जांच कर रहा है।

0 Comments