‘लोकतंत्र की चिंता नहीं, हार की खीज है’—शिवराज सिंह चौहान ने विपक्ष पर साधा निशाना

दिल्ली में विपक्षी दलों के प्रदर्शन को लेकर केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने विपक्ष पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि विपक्ष को लोकतंत्र की चिंता नहीं है, बल्कि यह हार की खीज और जनादेश का अपमान है।

शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि 19 दल करीब 3 किलोमीटर का मार्च कर रहे हैं और उनकी मांगें ज्ञानेश कुमार का इस्तीफा, SIR को रद्द करना और बैलेट पेपर से चुनाव कराने की हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या विपक्ष देश को बैलेट पेपर के दौर में वापस ले जाना चाहता है।

उन्होंने कहा कि 80-90 के दशक में बिहार और उत्तर प्रदेश में मतपेटियां लूटे जाने और दूसरों के नाम पर वोट पड़ने जैसी घटनाएं होती थीं। चौहान के मुताबिक, चुनाव व्यवस्था में लगातार सुधार हुए हैं और EVM ने बूथ लूट जैसी घटनाओं पर लगाम लगाने में मदद की है।

SIR का बचाव करते हुए उन्होंने कहा कि मृत, डुप्लिकेट और दूसरी जगह जा चुके मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से हटना जरूरी है। उन्होंने विपक्ष के रुख पर सवाल उठाते हुए कहा कि तेलंगाना, हिमाचल प्रदेश और झारखंड में सरकारें बनने पर चुनाव परिणाम स्वीकार किए गए, लेकिन हारने पर EVM और मतदाता सूची पर सवाल उठाए जाते हैं।

Post a Comment

0 Comments