उज्जैन में बढ़ा पर्यटन, सेमीकंडक्टर निवेश पर भी चर्चा
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शहरी अधोसंरचना, पर्यटन और निवेश को लेकर प्रदेश में हो रहे कामों का जिक्र किया। उन्होंने उज्जैन में पर्यटकों की बढ़ती संख्या का उल्लेख करते हुए कहा कि पहले जहां 10 से 15 लाख लोग आते थे, अब यहां करोड़ों लोग पहुंच रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने सेमीकंडक्टर क्षेत्र में निवेश को लेकर मध्यप्रदेश की प्रगति का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि गुजरात और असम के बाद मध्यप्रदेश तेजी से निवेश आकर्षित करने वाले राज्यों में शामिल हुआ है। इसके साथ ही उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों में बने मकानों की निःशुल्क रजिस्ट्री और पर्यटन क्षेत्र में प्रदेश की प्रगति की बात भी कही।
कॉन्क्लेव में इंदौर और मध्यप्रदेश के आर्थिक विकास, निवेश, शहरी सुविधाओं के विस्तार और रोजगार के अवसर बढ़ाने को लेकर चर्चा हुई। इंदौर की GDP दोगुनी करने का लक्ष्य और शहरों को आर्थिक विकास का केंद्र बनाने की रणनीति कार्यक्रम के प्रमुख बिंदुओं में शामिल रहे।
शहरों को आर्थिक विकास का इंजन बनाने की जरूरतमंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के लक्ष्य में शहरी क्षेत्रों की महत्वपूर्ण भूमिका होगी। शहरों को आर्थिक विकास का इंजन बनना चाहिए और उनमें लगातार विकास के साथ जीवंतता बनी रहनी चाहिए।
विजयवर्गीय ने इंदौर की स्वच्छता का श्रेय शहर के नागरिकों को देते हुए कहा कि नगर निगम या सरकार ने अकेले इंदौर को स्वच्छ नहीं बनाया, बल्कि शहर के लोगों के प्रेम और भागीदारी ने इसे यह पहचान दिलाई है।
उन्होंने अपने महापौर कार्यकाल के शुरुआती दौर का जिक्र करते हुए IT कंपनियों को इंदौर लाने के प्रयासों की बात कही। उन्होंने बताया कि उस समय शहर में IT कंपनियों के लिए जरूरी सुविधाओं को लेकर सवाल उठाए गए थे, लेकिन बाद में इंदौर ने इस क्षेत्र में अपनी पहचान बनाई। उन्होंने 24 घंटे में 12 लाख पौधे लगाने के अभियान का भी उल्लेख किया।
इंदौर की GDP दोगुनी करने का लक्ष्यसांसद शंकर लालवानी ने कॉन्क्लेव को इंदौर के लिए ऐतिहासिक दिन बताया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प के साथ विकसित मध्यप्रदेश का रोडमैप तैयार करने की जरूरत महसूस हुई। इसके लिए IIT, IIM और अन्य संस्थानों के सहयोग से कई बैठकें की गईं और एक दस्तावेज तैयार कर नीति आयोग को सौंपा गया। लालवानी ने कहा कि इस योजना के तहत अगले पांच वर्षों में इंदौर की GDP दोगुनी करने का लक्ष्य रखा गया है।
विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने पर जोर
मंत्री तुलसी सिलावट ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने के लिए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि पिछले तीन वर्षों में मुख्यमंत्री ने विकास को लेकर नई सोच के साथ काम किया है।




0 Comments