इंदौर के पास क्षिप्रा में 16 वर्षीय किशोरी से दुष्कर्म और अश्लील वीडियो वायरल करने के मामले में चार नाबालिग हिरासत में लिए गए। पुलिस ने पॉक्सो एक्ट सहित संबंधित धाराओं में केस दर्ज किया।
इंदौर: क्षिप्रा थाना क्षेत्र में 16 वर्षीय किशोरी के साथ दुष्कर्म, छेड़छाड़ और अश्लील वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर मुख्य आरोपी सहित चार नाबालिगों को हिरासत में लिया है।
पुलिस के मुताबिक, मुख्य आरोपी ने कथित तौर पर किशोरी का अश्लील वीडियो बनाया था। इसके बाद उसके तीन साथियों ने वीडियो वायरल करने की धमकी देकर किशोरी को ब्लैकमेल किया और छेड़छाड़ की। बाद में वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने पर किशोरी ने परिजनों को घटना की जानकारी दी।
परिजन किशोरी को लेकर क्षिप्रा थाने पहुंचे, जहां पुलिस ने शिकायत पर पॉक्सो एक्ट सहित सामूहिक दुष्कर्म की धाराओं में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू की। मामले में चारों नाबालिगों को हिरासत में लिए जाने की जानकारी सामने आई है।

0 Comments