सेवा संकल्प अभियान: वृद्धाश्रम में बुजुर्गों का सम्मान, राजवाड़ा पर मोदी सरकार की योजनाओं के नाम पर पिलाई चाय

इंदौर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने पर भाजपा के सेवा संकल्प अभियान के तहत अलग-अलग सेवा कार्यक्रम हुए। परदेशीपुरा वृद्धाश्रम में वरिष्ठजनों का सम्मान, भोजन और दैनिक उपयोग की वस्तुओं का वितरण किया गया। वहीं राजवाड़ा पर ‘नमो चाय सेवा’ के जरिए मोदी सरकार की विभिन्न योजनाओं के नाम से नागरिकों को चाय पिलाकर योजनाओं की जानकारी दी गई।

इंदौर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन और जनसेवा के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर भाजपा द्वारा चलाए जा रहे सेवा संकल्प अभियान के तहत इंदौर में अलग-अलग स्थानों पर सेवा गतिविधियां आयोजित की गईं। भाजपा पिछड़ा वर्ग मोर्चा ने परदेशीपुरा स्थित वृद्धाश्रम में वरिष्ठजनों के साथ समय बिताकर उनका सम्मान किया और दैनिक उपयोग की वस्तुएं भेंट कीं। वहीं, भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा ने राजवाड़ा पर 'नमो चाय सेवा' स्टॉल लगाकर नागरिकों को अलग-अलग सरकारी योजनाओं के नाम से चाय पिलाई।

वृद्धाश्रम में आयोजित कार्यक्रम में मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, भाजपा नगर अध्यक्ष सुमित मिश्रा, विधायक रमेश मेंदोला, प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. निशांत खरे, प्रभारी महापौर राजेंद्र राठौर सहित भाजपा पदाधिकारी मौजूद रहे। इस दौरान 12 सेवादारों और वरिष्ठजनों का सम्मान किया गया तथा सभी को भोजन भी कराया गया।

मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि वे करीब 45 वर्षों से इस वृद्धाश्रम में आते रहे हैं। उन्होंने कहा कि आज वे देश की खुशहाली और मजबूती के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लिए आशीर्वाद लेने आए हैं। उन्होंने वरिष्ठजनों से मोदी के दीर्घायु और शतायु होने की कामना करने का आग्रह किया।

भाजपा नगर अध्यक्ष सुमित मिश्रा ने कहा कि वे लंबे समय से वृद्धाश्रम आते रहे हैं और आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लिए आशीर्वाद मांगने आए हैं। वहीं डॉ. निशांत खरे ने वरिष्ठजनों से युवाओं को 2014 से पहले के भारत और वर्तमान भारत के बीच का अंतर समझाने की अपील की।

कार्यक्रम के दौरान वृद्धाश्रम में संगीत और भजनों की महफिल भी सजी। कैलाश विजयवर्गीय ने भजन प्रस्तुत किया, जबकि वृद्धाश्रम के वरिष्ठजन और अन्य कार्यकर्ताओं ने भी गीत एवं भजन सुनाए।

राजवाड़ा पर 'नमो चाय सेवा'

इसी अभियान के तहत भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा ने राजवाड़ा पर 'नमो चाय सेवा' का स्टॉल लगाया। यहां नागरिकों को मोदी सरकार की विभिन्न योजनाओं के नाम से निशुल्क चाय पिलाई गई। इनमें ऑपरेशन सिंदूर कड़क चाय, लाड़ली बहना मीठी चाय, उज्ज्वला चाय, अटल पेंशन चाय, आयुष्मान भारत चाय, अंत्योदय अन्न योजना चाय और किसान सम्मान योजना चाय शामिल रहीं।

कार्यक्रम में भाजपा नगर अध्यक्ष सुमित मिश्रा, सांसद शंकर लालवानी, विधायक रमेश मेंदोला, अनुसूचित जाति मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष भगवान परमार, पूर्व विधायक आकाश विजयवर्गीय सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।


Post a Comment

0 Comments