इंदौर में बेकाबू कार का कहर: पहले बाइक सवारों को मारी टक्कर, पीछा करने पर युवक को कुचला, मौत

इंदौर। शहर के राजेंद्र नगर थाना क्षेत्र में शुक्रवार सुबह एक तेज रफ्तार कार का कहर देखने को मिला। परमाणु नगर के पास कैट रोड पर बेकाबू कार ने पहले दो बाइक सवारों को टक्कर मार दी। हादसे के बाद कार चालक मौके से भागने लगा। यह देखकर वहां से गुजर रहे निर्माण सामग्री सप्लायर प्रवीण भाटी (32) ने उसे रोकने के लिए अपनी बाइक से पीछा किया।

बताया जा रहा है कि खुद को घिरता देख कार चालक ने लापरवाही से गाड़ी चलाते हुए प्रवीण की बाइक को भी जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि प्रवीण सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों और पुलिस की मदद से उन्हें तत्काल निजी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
प्रवीण सुखनिवास के निवासी थे और निर्माण सामग्री सप्लाई का काम करते थे। वे अपने माता-पिता के इकलौते बेटे थे। परिवार में पत्नी और दो छोटे बच्चे भी हैं। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया।
घटना के बाद पुलिस ने दुर्घटना में शामिल कार को जब्त कर लिया है। वहीं, फरार चालक की तलाश की जा रही है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

Post a Comment

0 Comments