25 जनवरी 2027 से शुरू होगी जनगणना, 28 फरवरी तक चलेगा घर-घर सर्वे; ऑनलाइन भी दे सकेंगे जानकारी

 जनगणना 2027 की प्रक्रिया 25 जनवरी से 28 फरवरी तक चलेगी। 10 से 24 जनवरी तक ऑनलाइन स्व-गणना का विकल्प मिलेगा। यह देश की पहली डिजिटल जनगणना होगी, जिसमें जातिगत आंकड़े भी जुटाए जाएंगे।

नई दिल्ली। देश में जनगणना 2027 को लेकर केंद्र सरकार ने तारीखों का ऐलान कर दिया है। गृह मंत्रालय के अंतर्गत भारत के महारजिस्ट्रार एवं जनगणना आयुक्त कार्यालय की 30 अक्टूबर 2026 की अधिसूचना के अनुसार, देश के अधिकांश राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में 25 जनवरी से 28 फरवरी 2027 तक जनसंख्या की गणना की जाएगी। 

जनगणना से पहले 10 जनवरी से 24 जनवरी 2027 तक लोगों को ऑनलाइन स्व-गणना (Self Enumeration) का विकल्प मिलेगा। इसके जरिए लोग अपने परिवार की जानकारी स्वयं ऑनलाइन दर्ज कर सकेंगे। इसके बाद गणना कर्मचारी घर-घर पहुंचकर जनसंख्या से जुड़ी जानकारी एकत्र करेंगे।

सरकार ने 1 मार्च से 5 मार्च 2027 तक संशोधन का चरण भी निर्धारित किया है। इस जनगणना की संदर्भ तिथि 1 मार्च 2027 की रात 12 बजे तय की गई है। 

मध्यप्रदेश में भी इसी कार्यक्रम के तहत जनगणना होगी। हालांकि, उत्तर प्रदेश, पंजाब, गोवा और उत्तराखंड के गैर-बर्फीले क्षेत्रों के लिए अलग कार्यक्रम पहले से निर्धारित किया गया है। मणिपुर, लद्दाख और कुछ बर्फीले क्षेत्रों के लिए भी अलग व्यवस्था है। 

गौरतलब है कि जनगणना 2027 देश की पहली डिजिटल जनगणना होगी। इसमें जाति संबंधी जानकारी भी एकत्र की जाएगी। 

Post a Comment

0 Comments