इंदौर में पिंजरे में कैद हुआ तेंदुआ, घायल तेंदुए की तलाश अब भी जारी

इंदौर के क्रिसेंट वॉटर पार्क के पास वन विभाग ने पिंजरे में एक स्वस्थ नर तेंदुए को पकड़ा। उसे आबादी से दूर जंगल में छोड़ने की तैयारी है। हालांकि, उमरिया खुर्द में पहले दिखाई दिए घायल तेंदुए की तलाश अब भी जारी है।

इंदौर के क्रिसेंट वॉटर पार्क के पास वन विभाग को शनिवार को तेंदुए को पकड़ने में सफलता मिली। विभाग की ओर से लगाए गए पिंजरे में एक नर तेंदुआ कैद हो गया। अधिकारियों के मुताबिक, तेंदुआ खाने की तलाश में पिंजरे तक पहुंचा था। जांच में वह पूरी तरह स्वस्थ पाया गया। अब उसे आबादी से दूर जंगल में छोड़ने की तैयारी की जा रही है।

तेंदुआ पकड़े जाने से उमरिया खुर्द और आसपास के क्षेत्र के लोगों ने राहत की सांस ली है। हालांकि, ग्रामीणों की चिंता अभी पूरी तरह खत्म नहीं हुई है। दरअसल, गुरुवार को इसी इलाके में एक तेंदुआ दिखाई दिया था, जिसके सिर और चेहरे पर चोट के निशान थे।

ग्रामीणों को आशंका है कि शनिवार को पकड़ा गया तेंदुआ घायल तेंदुए से अलग हो सकता है। ऐसे में इलाके में दूसरे तेंदुए की मौजूदगी की संभावना को लेकर सवाल बने हुए हैं। वन विभाग की टीमें आसपास के क्षेत्र में लगातार निगरानी कर रही हैं और घायल तेंदुए की तलाश जारी है।

डीएफओ लाल सुधाकर सिंह के मुताबिक, पकड़ा गया तेंदुआ स्वस्थ है और उसे दूरस्थ जंगल में छोड़ा जाएगा। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि पिंजरे में पकड़ा गया तेंदुआ वही है, जिसे पहले घायल अवस्था में देखा गया था या नहीं।

Post a Comment

0 Comments