इंदौर के लसूड़िया स्थित अपोलो गोल्ड प्राइम बिल्डिंग में कैफे के विवाद के बाद पार्किंग में दो गुटों के बीच मारपीट हुई। पुलिस वीडियो के आधार पर जांच कर रही है।
इंदौर के लसूड़िया इलाके में सोमवार देर रात कैफे में शुरू हुआ विवाद मारपीट में बदल गया। अपोलो गोल्ड प्राइम बिल्डिंग में दो गुटों के युवक आमने-सामने आ गए। कहासुनी के बाद दोनों गुटों के बीच बिल्डिंग की पार्किंग में जमकर लात-घूंसे चले।
जानकारी के मुताबिक, कैफे में कुछ युवकों की स्टाफ से कहासुनी हुई थी। इस दौरान बीच-बचाव की कोशिश भी की गई, लेकिन विवाद बढ़ गया। इसके बाद युवक कैफे से बाहर आए और पार्किंग में एक-दूसरे के साथ मारपीट करने लगे।
मौके पर मौजूद गार्ड ने युवकों को रोकने की कोशिश की, लेकिन मारपीट जारी रही। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची, हालांकि तब तक दोनों गुटों के युवक फरार हो चुके थे।
घटना के वीडियो सामने आए हैं। पुलिस वीडियो के आधार पर मारपीट में शामिल युवकों की पहचान कर मामले की जांच कर रही है।

0 Comments