मध्य प्रदेश के पूर्व गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा के साथ ग्वालियर में उस समय अप्रत्याशित स्थिति बन गई, जब वे एक कोचिंग सेंटर के उद्घाटन कार्यक्रम में पहुंचे थे। जयेंद्रगंज स्थित स्पोकन इंग्लिश कोचिंग सेंटर की नई ब्रांच के उद्घाटन के दौरान लिफ्ट अचानक तकनीकी खराबी के कारण बीच में ही रुक गई। उस समय नरोत्तम मिश्रा समेत लिफ्ट में मौजूद अन्य लोग अंदर फंस गए।

लिफ्ट के अचानक रुकने से मौके पर मौजूद लोगों में हलचल मच गई। इसके बाद कर्मचारियों ने लिफ्ट से लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने की कोशिश शुरू की। करीब 10 से 15 मिनट की मशक्कत के बाद नरोत्तम मिश्रा और लिफ्ट में मौजूद अन्य लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। राहत की बात यह रही कि सभी को सुरक्षित निकाल लिया गया। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर चर्चा में है।

घटना के बाद नरोत्तम मिश्रा ने अपना कार्यक्रम जारी रखा और कोचिंग सेंटर का उद्घाटन किया।