भोपाल के भेल दशहरा मैदान में अमित शाह और सीएम मोहन यादव की मौजूदगी में राज्य स्तरीय गौपालक सम्मेलन हुआ। सम्मेलन में डेयरी परियोजनाओं का लोकार्पण-भूमिपूजन, दुग्ध उत्पादकों को बोनस, गौशालाओं को सहायता और गौपालक दीदियों का सम्मान किया गया।
भोपाल। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह आज भोपाल के भेल दशहरा मैदान में आयोजित राज्य स्तरीय गौपालक सम्मेलन में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम की अध्यक्षता मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने की। सम्मेलन में प्रदेशभर से 35 हजार से अधिक गौपालकों और दुग्ध सहकारी समितियों से जुड़े लोगों के शामिल होने की जानकारी है।
सम्मेलन के दौरान अमित शाह ने उज्जैन में 255 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले 3 लाख लीटर प्रतिदिन क्षमता के अत्याधुनिक मिल्क प्रोसेसिंग प्लांट का डिजिटल भूमिपूजन किया। भोपाल में 16.5 करोड़ रुपये की लागत से बने 40 हजार लीटर प्रतिदिन क्षमता वाले प्रोडक्ट डेयरी प्लांट और 12.42 करोड़ रुपये की राज्य स्तरीय डेयरी केंद्रीय प्रयोगशाला का उद्घाटन भी किया गया।
इसके अलावा शिवपुरी के 6.5 करोड़ रुपये की लागत से मिनी डेयरी प्लांट के सुदृढ़ीकरण कार्य का भी डिजिटल उद्घाटन किया गया। भोपाल और इंदौर दुग्ध संघ के सदस्यों को बोनस तथा गौशालाओं को आर्थिक सहायता दी गई। डेयरी सहकारी समितियों के सदस्यों को कुल 15.10 करोड़ रुपये का लाभांश वितरित किया जाना भी कार्यक्रम में शामिल रहा।
कार्यक्रम में ‘गौपालक दीदियों’ का सम्मान किया गया और डॉ. भीमराव अंबेडकर कामधेनु योजना के तहत स्वीकृति पत्र भी वितरित किए गए। साथ ही नए आपराधिक कानूनों पर राज्य स्तरीय प्रदर्शनी का उद्घाटन किया गया।

0 Comments