इंदौर में 19 सितंबर को प्रस्तावित राहुल गांधी के ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम के लिए कांग्रेस ने आईडीए और नगर निगम से नए सिरे से अनुमति मांगी है। नेहरू स्टेडियम की अनुमति नहीं मिलने के बाद कांग्रेस ने वैकल्पिक मैदान उपलब्ध कराने की मांग की है।
इंदौर। कांग्रेस नेता राहुल गांधी का ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम 19 सितंबर को इंदौर में प्रस्तावित है, लेकिन कार्यक्रम के लिए परमिशन का मामला अब तक सुलझ नहीं पाया है। शहर कांग्रेस ने कार्यक्रम के लिए आईडीए और नगर निगम को औपचारिक पत्र देकर 14 से 19 सितंबर तक जमीन उपलब्ध कराने और कार्यक्रम की अनुमति देने की मांग की है।
कांग्रेस ने पत्र में कहा है कि कार्यक्रम के सफल और सुव्यवस्थित आयोजन के लिए प्रशासन द्वारा निर्धारित सभी नियमों और निर्देशों का पूरी तरह पालन किया जाएगा।
वहीं, कांग्रेस ने नेहरू स्टेडियम के लिए भी नगर निगम से अनुमति मांगी है। पार्टी ने 14 से 19 सितंबर तक स्टेडियम उपलब्ध कराने का अनुरोध किया है। कांग्रेस के अनुसार इससे पहले भी कार्यक्रम के लिए नेहरू स्टेडियम की मांग की गई थी, लेकिन उस समय न तो अनुमति दी गई थी और न ही अनुमति देने से मना किया गया था।
शहर कांग्रेस अध्यक्ष चिंटू चौकसे का कहना है कि राहुल गांधी का कार्यक्रम होकर रहेगा। कांग्रेस ने रिजनल पार्क के सामने आईडीए के ग्राउंड को भी कार्यक्रम के संभावित स्थल के रूप में देखा है। कार्यक्रम को लेकर कांग्रेस की ओर से जारी क्यूआर कोड के जरिए रजिस्ट्रेशन भी शुरू किया गया है।
कांग्रेस के मुताबिक कार्यक्रम को लेकर छात्रों में खासा उत्साह है और 75 हजार से ज्यादा रजिस्ट्रेशन हो चुके हैं। परमिशन को लेकर चौकसे सहित कांग्रेस नेताओं ने कलेक्टर शिवम वर्मा से भी मुलाकात की थी। सोमवार को परमिशन मिलने की उम्मीद थी, लेकिन फिलहाल कार्यक्रम की अनुमति को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं हुई है।

0 Comments