इंदौर। आगामी हिंदी फिल्म ‘लव लॉटरी’ के प्रमोशन के लिए फिल्म की टीम सोमवार को इंदौर पहुंची। अभिनेता अक्षय ओबेरॉय, अभिनेता अग्नि अग्यारी, निर्देशक अरविंद पांडे और निर्माता कुलदीप भार्गव ‘तुषार’ ने विजय नगर स्थित आर्केन फेयरीज़ क्लब में मीडिया से बातचीत की। इस दौरान टीम ने फिल्म की कहानी, किरदारों और इसके विषय को लेकर जानकारी साझा की।
‘लव लॉटरी’ में सस्पेंस, थ्रिलर, सोशल ड्रामा और कोर्टरूम ड्रामा का मिश्रण देखने को मिलेगा। फिल्म की कहानी आज के दौर के रिश्तों, शादी, विश्वासघात और रिश्तों से जुड़े कानूनी विवादों के इर्द-गिर्द बुनी गई है। फिल्म में पुरुषों के अधिकारों और वैवाहिक कानूनों के कथित दुरुपयोग जैसे मुद्दों को भी कहानी का हिस्सा बनाया गया है।
अभिनेता अक्षय ओबेरॉय ने फिल्म में अपने किरदार को लेकर कहा कि ‘लव लॉटरी’ केवल सस्पेंस थ्रिलर नहीं है, बल्कि इसमें ऐसे रिश्ते और परिस्थितियां दिखाई गई हैं, जिनसे आज के दौर में दर्शक खुद को जोड़ सकते हैं। उनके मुताबिक फिल्म में उनका किरदार भावनात्मक और कानूनी तौर पर चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों से गुजरता है। उनका मानना है कि यह फिल्म औरतों के खिलाफ नहीं है। समाज में अच्छे मर्द भी होते है बुरे भी।
वहीं निर्देशक अरविंद पांडे ने कहा कि फिल्म के जरिए मनोरंजन के साथ एक संवेदनशील विषय पर बातचीत शुरू करने की कोशिश की गई है। रिश्तों और शादी से जुड़े मामलों में जब कानूनी पेचिदगियां सामने आती हैं तो परिस्थितियां जटिल हो जाती हैं। फिल्म में इन्हीं परिस्थितियों को सस्पेंस, ड्रामा और कोर्टरूम के जरिए प्रस्तुत किया गया है। उन्होंने इस फिल्म को आज के दौर के लिए जरूरी बताया। उनका कहना है कि पति-पत्नी का रिश्ता 7 जन्मों का होता है लेकिन आजकल रिश्ते मुश्किल से चल रहें है।
अभिनेत्री अग्नि अग्यारी, जिन्हें ‘हनुमान अंश’ के लिए जाना जाता है, ने भी फिल्म का हिस्सा बनने और टीम के साथ काम करने के अनुभव को मीडिया के साथ साझा किया। इस दौरान कलाकारों और निर्देशक ने फिल्म के किरदारों तथा सामाजिक विषय को मनोरंजक सिनेमाई अंदाज में पेश करने की चुनौतियों पर भी चर्चा की। अग्नि का मानना है कि इंसाफ करते समय पुरुष और महिला नहीं देखना चाहिए और गलत किसी के साथ नहीं होना चाहिए।
फिल्म ‘लव लॉटरी’ में अक्षय ओबेरॉय और हेली दारूवाला मुख्य भूमिकाओं में हैं। इसके अलावा कबीर दुहान सिंह, विजयंत कोहली, हेमंत पांडे, इंदिरा कृष्णन, संतोष शुक्ला समेत अन्य कलाकार महत्वपूर्ण भूमिकाओं में नजर आएंगे। फिल्म का निर्देशन अरविंद पांडे ने किया है, जबकि कहानी और लेखन अंकुर खत्री ने किया है।

0 Comments