इंदौर में राहुल गांधी के ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम के बाद सियासत गरमाई हुई है। नगरीय प्रशासन मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने राहुल गांधी के ‘अंधभक्त’ वाले बयान पर पलटवार करते हुए कहा, “अंधभक्त कौन होते हैं? हमें देशभक्त चाहिए, इसलिए हम छात्रों को देशभक्त बनाना चाहते हैं।”
इंदौर। राहुल गांधी के ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम के बाद इंदौर में भाजपा और कांग्रेस के बीच सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। इसी बीच नगरीय प्रशासन मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने राहुल गांधी और कांग्रेस पर एक बार फिर निशाना साधा। विधानसभा-1 में विकास कार्यों के कार्यक्रम के दौरान मीडिया से चर्चा में विजयवर्गीय ने श्रीलंका और बांग्लादेश का उदाहरण देते हुए आरोप लगाया कि राहुल गांधी, वामपंथी और अर्बन नक्सल विचारधारा से जुड़े लोग भारत में भी वैसी स्थिति पैदा करना चाहते हैं। हालांकि, उन्होंने कहा कि भारत में लोकतंत्र की जड़ें मजबूत हैं और ऐसी कोशिश सफल नहीं होगी।
‘अंधभक्त कौन होते हैं? हमें देशभक्त चाहिए’
राहुल गांधी के ‘अंधभक्त’ वाले बयान पर पलटवार करते हुए विजयवर्गीय ने कहा कि सवाल यह है कि अंधभक्त कौन होते हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा छात्रों को ‘देशभक्त’ बनाना चाहती है। राहुल गांधी ने 19 सितंबर को इंदौर के ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम में कहा था कि सिस्टम को सवाल पूछने वाले छात्रों की जगह ‘अंधभक्त’ चाहिए।
विजयवर्गीय ने कहा कि भाजपा का उद्देश्य देश को जोड़ना और युवाओं को देश के प्रति जिम्मेदार बनाना है। उन्होंने राहुल गांधी के कार्यक्रम की शैली और वहां हुई गतिविधियों को लेकर भी कांग्रेस पर निशाना साधा।
मां के सम्मान को लेकर भी साधा निशाना
विधानसभा-1 के वार्ड 6 में विकास कार्यों के शुभारंभ कार्यक्रम में विजयवर्गीय ने राहुल गांधी के कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मां को लेकर हुई मिमिक्री पर भी आपत्ति जताई। उन्होंने कहा कि मां का स्थान सर्वोच्च है और किसी भी मां का अपमान स्वीकार नहीं किया जा सकता। इस मुद्दे को लेकर भाजपा पहले से ही कांग्रेस पर हमलावर है।
वार्ड-6 को 7.10 करोड़ के विकास कार्यों की सौगात
वहीं कार्यक्रम में विजयवर्गीय ने विधानसभा-1 के वार्ड 6 में कुल 7.10 करोड़ रुपये के विकास कार्यों का शुभारंभ और लोकार्पण किया। अमृत योजना 2.0 के तहत 3.10 करोड़ रुपये की लागत से पानी की टंकी और 3.75 करोड़ रुपये की लागत से करीब 25 किलोमीटर लंबी नर्मदा जल पाइपलाइन बिछाने का काम किया जाएगा। इसके अलावा 25 लाख रुपये की लागत से निर्मित संजीवनी क्लीनिक का लोकार्पण किया गया।
बताया गया कि इस पेयजल परियोजना से वार्ड की 19 कॉलोनियों के करीब 50 हजार रहवासियों को लाभ मिलेगा। कार्यक्रम में सांसद शंकर लालवानी समेत भाजपा के जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी और बड़ी संख्या में क्षेत्रीय रहवासी मौजूद रहे।

0 Comments