इंदौर। पंढरीनाथ थाने के सामने सोमवार सुबह सीमेंटेड सड़क का बड़ा हिस्सा अचानक धंस गया। यहां 10 फीट से ज्यादा गहरा गड्ढा बन गया।
इंदौर। शहर में सड़क धंसने का एक और मामला सामने आया है। सोमवार सुबह पंढरीनाथ थाने के सामने सड़क का एक बड़ा हिस्सा अचानक धंस गया और यहां करीब 10 फीट से ज्यादा गहरा गड्ढा बन गया। गनीमत रही कि घटना के दौरान कोई वाहन या राहगीर इसकी चपेट में नहीं आया।
जानकारी मिलने के बाद नगर निगम की टीम मौके पर पहुंची और गड्ढे के आसपास बैरिकेडिंग कर सुरक्षा व्यवस्था की। नगर निगम अधिकारियों के मुताबिक, सड़क के नीचे सीवरेज लाइन होने की बात सामने आई है और लाइन में रिसाव के कारण मिट्टी के कटाव से सड़क धंसने की आशंका है। मामले की जांच की जा रही है।
स्थानीय जानकारी के अनुसार, रविवार रात सड़क पर छोटा गड्ढा दिखाई दिया था, लेकिन सोमवार सुबह तक यह काफी बड़ा और गहरा हो गया। इसके बाद निगम की टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाली।
इंदौर में हाल के दिनों में सड़क धंसने के कई मामले सामने आए हैं। इससे पहले गाड़ी अड्डा क्षेत्र और रावजी बाजार में भी सड़क धंसने की घटनाएं सामने आई थीं।

0 Comments