इंदौर कलेक्ट्रेट में मंगलवार को जनसुनवाई के दौरान एक युवक ने खुद पर केरोसिन डालकर आत्मदाह का प्रयास किया। सुरक्षाकर्मियों ने तुरंत उसे पकड़कर बचा लिया। युवक की पहचान आकाश के रूप में हुई है।
इंदौर कलेक्टर कार्यालय में मंगलवार को जनसुनवाई के दौरान उस समय हड़कंप मच गया, जब एक युवक ने अपने ऊपर केरोसिन डालकर आत्मदाह की कोशिश की। मौके पर मौजूद सुरक्षाकर्मियों और अधिकारियों ने तुरंत उसे पकड़ लिया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक युवक की पहचान आकाश जाटव के रूप में हुई है। मामला डीजे लगी गाड़ी के लेन-देन से जुड़ा बताया जा रहा है। आकाश का आरोप है कि उसने करीब 11.21 लाख रुपये में डीजे वाहन खरीदा था, लेकिन पूरी रकम का भुगतान नहीं हो पाने के बाद दूसरे पक्ष ने वाहन वापस ले लिया। दोनों पक्षों के बीच लिखित अनुबंध नहीं होने की बात भी सामने आई है।
युवक ने इस मामले को लेकर पहले भी अलग-अलग कार्यालयों में शिकायतें की थीं। मंगलवार को वह अपनी शिकायत लेकर जनसुनवाई में पहुंचा और अचानक यह कदम उठा लिया। घटना के बाद पुलिस मामले की जांच कर रही है। साथ ही कलेक्टर कार्यालय की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठ रहे हैं कि युवक ज्वलनशील पदार्थ लेकर परिसर के अंदर कैसे पहुंच गया।

0 Comments