कर्नाटक कांग्रेस नेता बी.के. हरिप्रसाद ने उमर खालिद को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने उमर खालिद को ‘राष्ट्रवादी’ बताते हुए ABVP पर निशाना साधा। 

बेंगलुरु में उमर खालिद पर बनी डॉक्यूमेंट्री की स्क्रीनिंग को लेकर विवाद के बीच कर्नाटक कांग्रेस अध्यक्ष बी.के. हरिप्रसाद का बड़ा बयान सामने आया है। हरिप्रसाद ने जेल में बंद कार्यकर्ता उमर खालिद को “राष्ट्रवादी” बताया और स्क्रीनिंग का विरोध कर रहे अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) पर सवाल उठाए।

मामला बेंगलुरु स्थित नेशनल लॉ स्कूल ऑफ इंडिया यूनिवर्सिटी (NLSIU) में उमर खालिद पर बनी डॉक्यूमेंट्री ‘Prisoner No. 626710 is Present’ की प्रस्तावित स्क्रीनिंग से जुड़ा है। ABVP ने स्क्रीनिंग का विरोध करते हुए इसे रद्द करने की मांग की थी। बाद में विश्वविद्यालय ने स्क्रीनिंग को सुरक्षा और प्रशासनिक कारणों का हवाला देते हुए टाल दिया।

हरिप्रसाद ने ABVP पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि संगठन को उमर खालिद पर टिप्पणी करने का नैतिक अधिकार नहीं है। उन्होंने ABVP पर नाथूराम गोडसे को आदर्श मानने का आरोप भी लगाया।

इस बयान के बाद उमर खालिद को लेकर कांग्रेस और ABVP के बीच राजनीतिक टकराव और तेज होने के आसार हैं। वहीं ABVP ने केंद्र सरकार से भी मामले में हस्तक्षेप करने और डॉक्यूमेंट्री की स्क्रीनिंग को स्थायी रूप से रद्द कराने की मांग की है।