PM मोदी के 25 साल पूरे, इंदौर में 30 दिन चलेगा ‘सेवा संकल्प अभियान’

 इंदौर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर भाजपा इंदौर महानगर 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक 30 दिवसीय ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाएगी। अभियान के तहत 85 वार्डों, 35 मंडलों, 345 शक्ति केंद्रों और 2097 बूथों तक विभिन्न सेवा एवं जनसंपर्क कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। अभियान की शुरुआत 17 सितंबर को 2.51 लाख दीपों के दीपोत्सव से होगी।


इंदौर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर भाजपा इंदौर महानगर 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक 30 दिवसीय ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाएगी।

अभियान के तहत भाजपा कार्यकर्ता शहर के 85 वार्ड, 35 मंडल, 345 शक्ति केंद्र और 2097 बूथों तक पहुंचेंगे। पार्टी ने इस दौरान 13 प्रमुख रचनात्मक कार्यक्रम आयोजित करने की योजना बनाई है।

अभियान की शुरुआत 17 सितंबर को 2.51 लाख दीपों के दीपोत्सव से होगी। शाम 7 बजे बूथ स्तर पर लाभार्थी परिवारों के घर ‘आशीर्वाद का दीया’ जलाकर विकसित भारत-2047 का संकल्प लिया जाएगा। इसके बाद शहर के प्रमुख स्थानों पर दीप प्रज्वलन कार्यक्रम होंगे।

इसके अलावा ‘सेवा चित्र’ के तहत विद्यार्थियों के लिए चित्रकला और भाषण प्रतियोगिताएं, ‘आंगन का मिलन’ में आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं और आशा दीदियों का सम्मान तथा ‘सेवा मेरा योगदान’ के तहत शहर के 85 वार्डों और एमवाय अस्पताल परिसर में स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा।

9 और 10 अक्टूबर को फिनिक्स सिटाडेल मॉल के सामने विशाल मानव निर्मित रंगोली बनाकर विश्व कीर्तिमान का प्रयास किया जाएगा। वहीं 7 अक्टूबर को सभी वार्डों और मंडलों से ‘सेवा ज्योति यात्रा’ निकाली जाएगी, जो बड़ा गणपति से राजवाड़ा तक जाएगी।

अभियान के दौरान नुक्कड़ नाटक, केंद्र सरकार की योजनाओं से लाभान्वित लोगों की कहानियों के वीडियो, घर-घर पहुंचकर नागरिकों की समस्याओं के समाधान के लिए ‘सेवा सेतु अभियान’ सहित कई कार्यक्रम होंगे।

भाजपा नेताओं ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन को सेवा, सुशासन और राष्ट्र निर्माण की यात्रा के रूप में जनता के बीच प्रस्तुत किया जाएगा। अभियान का समापन 17 अक्टूबर को जनसेवक महाकुंभ, सुशासन सेवा संवाद, हैकाथॉन एवं इनोवेशन चैलेंज जैसे कार्यक्रमों के साथ होगा।

नगरीय विकास एवं आवास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन को लेकर कहा कि “दुनिया का ऐसा कोई नेता नहीं होगा कि छुट्टी न ली हो, लेकिन मोदी ने एक भी दिन नहीं ली।” उन्होंने कहा, “सही आंख वाले को परिवर्तन दिखाई देगा।”

विजयवर्गीय ने कहा कि मोदी सरकार में करीब 4 करोड़ लोगों को पक्की छत मिली है। उन्होंने भारत की अर्थव्यवस्था, ब्रिक्स में बढ़ते प्रभाव और महिलाओं के फाइटर जेट उड़ाने को भी देश में हुए बदलाव का उदाहरण बताया। स्वच्छ भारत मिशन पर उन्होंने कहा कि लोगों ने शुरुआत में इसका मजाक उड़ाया, लेकिन आज इसका असर दिखाई दे रहा है।

सांसद और अभियान सह संयोजक शंकर लालवानी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन को लेकर कहा कि भारत जैसे दुनिया के सबसे बड़े लोकतांत्रिक देश में लगातार 25 वर्षों तक जनता का आशीर्वाद पाना लोकतांत्रिक इतिहास का स्वर्णिम अध्याय है। उन्होंने कहा कि जब पीएम मोदी ने देश के प्रधान सेवक का कार्यभार संभाला, तब देश पॉलिसी पैरालिसिस और निराशा के दौर से गुजर रहा था, लेकिन आज भारत दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्थाओं में शामिल है।

भाजपा नेता और अभियान संयोजक जीतू जिराती ने कांग्रेस के ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम को लेकर राहुल गांधी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि जिस तरह कार्यक्रम में मनोरंजन जगत के कलाकारों को बुलाया जा रहा है, उससे लगता है कि छात्र राहुल गांधी को सुनने नहीं, बल्कि मनोरंजन के लिए आ रहे हैं।

जिराती ने ‘छात्रों की गूंज’ को ‘झूठ की गूंज’ बताते हुए कांग्रेस पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि जब-जब चुनाव आते थे, तब इंदिरा गांधी ‘गरीबी हटाओ, देश बचाओ’ का नारा लगाती थीं। जिराती ने तंज कसते हुए कहा कि “गरीबी तो हटी नहीं, लेकिन गरीबों को हटा दिया गया।”

भाजपा नगर अध्यक्ष सुमित मिश्रा ने राहुल गांधी के इंदौर में प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि “अटल बिहारी वाजपेयी और राहुल गांधी की तुलना करना अपने आप में हास्यास्पद है।” मिश्रा ने कहा कि जवाहरलाल नेहरू ने खुद कहा था कि “अटल जी, आप एक दिन प्रधानमंत्री बनेंगे।”

मिश्रा ने कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी पर भी निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि राहुल गांधी के इंदौर आने के बहाने मुद्दा भटकाने की कोशिश की जा रही है।

उन्होंने कार्यक्रम में भीड़ को लेकर पटवारी के अलग-अलग दावों पर सवाल उठाते हुए कहा कि पहले एक लाख, फिर दो लाख और अब रजिस्ट्रेशन के 10 प्रतिशत लोगों के आने की बात कही जा रही है। मिश्रा ने कहा कि कार्यक्रम के लिए व्यस्त स्थान चुना गया है, जिससे आम नागरिकों के साथ-साथ अंतिम यात्रा में जा रहे लोगों को भी परेशानी हो सकती है।


Post a Comment

0 Comments