नौकरी नहीं, नौकरी देने वाला बने MP का युवा: CM मोहन यादव

 मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि मध्य प्रदेश के युवाओं को सिर्फ नौकरी पाने तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि नौकरी देने वाला बनना चाहिए।

भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने युवाओं के रोजगार और भविष्य को लेकर कहा कि सरकार का लक्ष्य युवाओं को केवल सरकारी नौकरी तक सीमित रखना नहीं, बल्कि उन्हें रोजगार देने वाला बनाने पर भी है।

उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश में सरकारी क्षेत्र में लगातार भर्तियां की जा रही हैं। भर्ती बोर्ड और MPPSC के माध्यम से करीब एक लाख पदों पर हर साल भर्ती की दिशा में काम किया जा रहा है। अलग-अलग विभागों में उपलब्ध पदों पर भर्ती प्रक्रिया जारी है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि रोजगार के अवसर सिर्फ सरकारी क्षेत्र तक सीमित नहीं हैं। प्रदेश के MSME सेक्टर में करीब 1.20 करोड़ लोगों को रोजगार मिलने का दावा करते हुए उन्होंने कहा कि कृषि समेत कई क्षेत्रों में भी बड़ी संख्या में लोग अपनी आजीविका चला रहे हैं।

उन्होंने कहा कि सरकार की कोशिश है कि युवा सिर्फ नौकरी तलाशने वाला न रहे, बल्कि नौकरी देने वाला बने। इसके लिए उद्यमिता, कौशल विकास और छोटे व्यवसायों को बढ़ावा देने पर जोर दिया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने युवाओं के लिए आत्मनिर्भरता को रोजगार रणनीति का अहम हिस्सा बताया। उनके मुताबिक युवा अपने कौशल के आधार पर खुद का काम शुरू करें और आगे चलकर दूसरे युवाओं के लिए भी रोजगार के अवसर पैदा करें।

यह बात मुख्यमंत्री ने NDTV के "विकसित भारत और बढ़ता मध्य प्रदेश" विशेष कार्यक्रम में युवाओं के रोजगार और मध्य प्रदेश के विकास से जुड़े सवालों के जवाब में कही। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन और प्रदेश के विकास के भविष्य के रोडमैप पर भी चर्चा हुई।

Post a Comment

0 Comments