इंदौर। आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं नियंत्रक, खाद्य एवं औषधि प्रशासन, मध्यप्रदेश, भोपाल के निर्देशन में तथा कलेक्टर श्री शिवम वर्मा के मार्गदर्शन में खाद्य सुरक्षा प्रशासन, इंदौर द्वारा आज शहर के विभिन्न प्रमुख होटलों एवं श्री खजराना गणेश मंदिर परिसर में संचालित प्रसाद विक्रय एवं निर्माण केंद्रों का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, स्वच्छता, सुरक्षित भंडारण, खाद्य निर्माण प्रक्रिया एवं अन्य फूड सेफ्टी स्टैंडर्ड्स का परीक्षण किया गया तथा विभिन्न खाद्य पदार्थों के सैंपल जांच हेतु लिए गए।
रिंग रोड स्थित इनफिनिटी होटल का निरीक्षण
इनफिनिटी होटल, रिंग रोड के निरीक्षण के दौरान परिसर में साफ-सफाई एवं खाद्य सामग्री का स्टोरेज उचित पाया गया। निरीक्षण के दौरान पनीर, हल्दी पाउडर, धनिया पाउडर एवं मूंग मोगर के कुल 4 सैंपल जांच हेतु लिए गए। निरीक्षण के दौरान 2 रेफ्रिजरेटर्स में टेम्परेचर मॉनिटरिंग डिवाइस उपलब्ध नहीं पाया गया। कैलिब्रेशन से संबंधित रिकॉर्ड भी प्रस्तुत नहीं किया गया। फूड हैंडलर्स का मेडिकल फिटनेस निर्धारित फॉर्मेट में उपलब्ध नहीं पाया गया। खाद्य सामग्री के भंडारण में एफआईएफओ व्यवस्था का प्रभावी पालन नहीं पाया गया। इसके अतिरिक्त रॉ मटेरियल एवं रेडी-टू-ईट फूड की टेस्टिंग रिपोर्ट्स भी मौके पर उपलब्ध नहीं पाई गईं।
एबी रोड स्थित श्रीमाया होटल का किया निरीक्षण
श्रीमाया होटल के निरीक्षण के दौरान किचन व्यवस्थित एवं साफ-सुथरा पाया गया। फूड स्टोरेज एवं मॉनिटरिंग व्यवस्था उचित पाई गई। टेम्परेचर कंट्रोल सिस्टम एवं उपकरणों का कैलिब्रेशन भी उचित पाया गया तथा किचन में उपयोग किए जा रहे बर्तन रस्ट-फ्री पाए गए। हालांकि, मौके पर उपलब्ध वाटर टेस्टिंग रिपोर्ट अपूर्ण पाई गई। उपलब्ध रिपोर्ट में पेस्टीसाइड रेजिड्यू एवं हेवी मेटल की जांच शामिल नहीं थी। होटल प्रबंधन को निर्धारित मानकों के अनुसार वाटर टेस्टिंग रिपोर्ट पूर्ण करवाने के निर्देश दिए गए। निरीक्षण के दौरान पनीर, रोस्टेड पीनट, पाव भाजी मसाला एवं मीट मसाला के कुल 4 सैंपल जांच हेतु लिए गए।
श्री खजराना गणेश मंदिर परिसर
श्री खजराना गणेश मंदिर परिसर में संचालित प्रसाद के थोक एवं फुटकर विक्रेताओं के लगभग 8 से 10 काउंटर्स का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान फूड लाइसेंस को उचित एवं स्पष्ट स्थान पर डिस्प्ले करने के निर्देश दिए गए। प्रसाद में उपयोग किए जाने वाले फूड कलर का निर्धारित मात्रा एवं अनुमत मानकों के अनुसार ही उपयोग करने के संबंध में भी विक्रेताओं को निर्देशित किया गया।
प्रसाद निर्माण से जुड़े एकदंत प्रसाद भंडार, भालचंद्र प्रसाद भंडार, क्वालिटी स्वीट्स आदि प्रतिष्ठानों का भी निरीक्षण किया गया तथा प्रसाद निर्माण स्थल पर आवश्यक साफ-सफाई एवं हाइजीन बनाए रखने के संबंध में विशेष निर्देश दिए गए।
एकदंत प्रसाद भंडार में लड्डू प्रसाद का निर्माण अस्वच्छ परिस्थितियों में किया जाना पाया गया। फर्श गंदे पाए गए, फूड लाइसेंस डिस्प्ले नहीं पाया गया तथा रॉ मटेरियल का स्टोरेज एवं रखरखाव भी व्यवस्थित नहीं पाया गया।
भालचंद्र प्रसाद भंडार में प्रसाद निर्माण स्थल एवं लड्डू बनाने का स्थान साफ-सुथरा नहीं पाया गया। रॉ मटेरियल का स्टोरेज एवं रखरखाव उचित नहीं था। फर्श चिपचिपे, ऑयली एवं गंदे पाए गए। कर्मचारी लड्डू निर्माण क्षेत्र में चप्पल पहनकर आते-जाते पाए गए तथा कर्मचारियों के मेडिकल फिटनेस सर्टिफिकेट भी प्रस्तुत नहीं किए गए।
विभिन्न प्रसाद विक्रेताओं एवं निर्माण प्रतिष्ठानों से मोतीचूर के लड्डू, बेसन के लड्डू, मोदक आदि के लगभग 8 सैंपल जांच हेतु लिए गए हैं, जिन्हें स्टेट फूड टेस्टिंग लेबोरेटरी, भोपाल भेजा जा रहा है।
फेयरफील्ड बाय मैरियट, रिंग रोड
फेयरफील्ड बाय मैरियट के निरीक्षण के दौरान तुअर दाल, पनीर एवं डेसिकेटेड कोकोनट पाउडर के कुल 3 सैंपल जांच हेतु लिए गए।
निरीक्षण के दौरान वेजिटेरियन एवं नॉन-वेजिटेरियन खाद्य पदार्थों का स्टोरेज एक साथ पाया गया। लगभग सभी डस्टबिन खुले पाए गए तथा वेट एवं ड्राई वेस्ट का सेग्रिगेशन उचित रूप से नहीं किया जा रहा था। स्टोर रूम में निरीक्षण के दौरान कॉकरोच पाए गए, जो खाद्य पदार्थों की सुरक्षा की दृष्टि से गंभीर हाइजीन संबंधी कमी है।
स्टोर रूम में रखे रॉ फूड मटेरियल्स के पैकेट पर आसानी से हटाए जा सकने वाले डिटैचेबल लेबल्स पाए गए। बुफे में रखे कई रेडी-टू-ईट फूड आइटम्स ढककर नहीं रखे गए थे, जिससे उनमें बाल, धूल अथवा अन्य माध्यमों से क्रॉस-कंटेमिनेशन की संभावना पाई गई।
इसके अतिरिक्त खाद्य पदार्थों के निर्माण में उपयोग किए जाने वाले पानी की टेस्टिंग रिपोर्ट में पेस्टीसाइड रेजिड्यू एवं हेवी मेटल की जांच शामिल नहीं थी।
रविवार 13 सितंबर की कार्रवाई
श्री गुरु कृपा रेस्टोरेंट, विजय नगर का निरीक्षण किया गया। परिसर में फूड टेस्टिंग रिपोर्ट, वाटर टेस्टिंग रिपोर्ट एवं फूड हैंडलर्स के मेडिकल फिटनेस सर्टिफिकेट्स मौके पर उपलब्ध नहीं पाए गए।
द रेड मेपल एवं होटल मशाल के निरीक्षण में साफ-सफाई एवं खाद्य पदार्थों के स्टोरेज की स्थिति उचित पाई गई। इसके अतिरिक्त फूड लाइसेंस उचित स्थान पर प्रदर्शित नहीं पाया गया। मेडिकल फिटनेस एवं वाटर टेस्टिंग रिपोर्ट उपलब्ध नहीं थी। कुछ खाद्य पदार्थों के पैकेट खुले एवं सीलनयुक्त पाए गए तथा दो डीप फ्रीजर्स में टेम्परेचर डिस्प्ले उपलब्ध नहीं था। फ्रोजन फूड की उचित थॉइंग के लिए निर्देश दिए गए। मौके से पनीर एवं विभिन्न सॉसेस के कुल 5 सैंपल जांच हेतु लिए गए।
शेफ भूपी'ज किचन, एबी रोड, राऊ के निरीक्षण में फूड हैंडलर्स के मेडिकल फिटनेस सर्टिफिकेट्स एवं वाटर टेस्टिंग रिपोर्ट उपलब्ध नहीं पाए गए। रॉ मटेरियल स्टोरेज अव्यवस्थित था तथा कुछ कटे-फटे पैकेट्स से खाद्य पदार्थ खराब होकर बाहर निकलते एवं लीक होते पाए गए। स्टोरेज शेल्फ्स पर भी गंदगी पाई गई। मौके से पनीर, हल्दी पाउडर एवं धनिया पाउडर के कुल 3 सैंपल जांच हेतु लिए गए।
पंजाबी ढाबा, सिलिकॉन सिटी, चौधरी मार्केट के सामने, राऊ का निरीक्षण विक्रेता श्री मोहित राय की उपस्थिति में किया गया। किचन अव्यवस्थित एवं अस्वच्छ पाया गया तथा दीवारों पर गंदगी एवं ऑयल का रिसाव पाया गया। किचन में बिल्ली का आवागमन, फ्रिज में एक्सपायर्ड कोल्ड ड्रिंक्स तथा वेजिटेरियन एवं नॉन-वेजिटेरियन खाद्य पदार्थों का एक साथ भंडारण पाया गया। मौके से पनीर एवं चना मसाला के सैंपल जांच हेतु लिए गए।
गुरुकृपा होटल, सरवटे बस स्टैंड, इंदौर का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान वेज मंचूरियन और वेज लॉलीपॉप के सैंपल लिए गए। निरीक्षण के दौरान वर्कर्स के फिटनेस सर्टिफिकेट एवं वर्तमान वाटर टेस्टिंग रिपोर्ट उपलब्ध नहीं पाई गई। होटल में पर्याप्त साफ-सफाई पाई गई।
सैंपल्स की जांच एवं अग्रिम कार्रवाई
कल एवं आज की कार्रवाई के दौरान विभिन्न प्रतिष्ठानों एवं प्रसाद निर्माण केंद्रों से लगभग 31 सैंपल जांच हेतु लिए गए हैं। सभी सैंपल्स को नियमानुसार स्टेट फूड टेस्टिंग लेबोरेटरी भेजा जा रहा है। प्राप्त जांच रिपोर्ट के आधार पर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान जिन प्रतिष्ठानों में कमियां पाई गई हैं, उनके संबंध में नियमानुसार नोटिस एवं सुधार सूचना जारी करने की प्रक्रिया की जा रही है। प्राप्त जवाब एवं निरीक्षण में पाई गई कमियों के आधार पर नियमानुसार अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।
खाद्य सुरक्षा प्रशासन द्वारा स्पष्ट किया गया है कि उपभोक्ताओं को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराना सर्वोच्च प्राथमिकता है। होटल, रेस्टोरेंट, प्रसाद निर्माण केंद्र एवं अन्य खाद्य प्रतिष्ठान संचालकों में खाद्य सुरक्षा एवं स्वच्छता मानकों के पालन को सुनिश्चित करने के लिए निरीक्षण एवं कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।

0 Comments