इंदौर। प्लास्ट पैक 2026 में प्लास्टिक और पैकेजिंग इंडस्ट्री की लेटेस्ट टेक्नोलॉजी और नए ट्रेंड्स प्रदर्शित किए जाएंगे। IPPF अध्यक्ष सचिन बंसल ने देश ध्वनि से बातचीत में बताया कि युवाओं के लिए जॉब फेयर और एंटरप्रेन्योरशिप प्रोग्राम भी होगा।
इंदौर। मध्य भारत के प्लास्टिक और पैकेजिंग उद्योग से जुड़े प्रमुख आयोजन प्लास्ट पैक 2026 का आयोजन 27 से 30 नवंबर तक लाभगंगा प्रदर्शनी केंद्र, इंदौर में किया जाएगा। इंडियन प्लास्ट पैक फोरम (IPPF) के मुताबिक, आयोजन में 500 से ज्यादा स्टॉल और 450 से अधिक प्रदर्शक शामिल होंगे।प्रदर्शनी में बायोप्लास्टिक, रीसाइक्लिंग मशीनरी, जीरो-वेस्ट पैकेजिंग, ऑटोमेशन और एआई आधारित प्रोसेसिंग तकनीकों का प्रदर्शन किया जाएगा। आयोजकों ने 2 लाख से अधिक विजिटर्स के आने की संभावना जताई है।
आयोजन में 100% कंपोस्टेबल प्लास्टिक, वाटर-सॉल्यूबल फिल्म्स, पेपर-बेस्ड पैकेजिंग, ऑल-इलेक्ट्रिक इंजेक्शन मोल्डिंग मशीन और एआई आधारित रीसाइक्लिंग प्लांट जैसी तकनीकों को भी प्रदर्शित किया जाएगा।
सचिन बंसल ने कहा कि एसोसिएशन का उद्देश्य इंडस्ट्री में मौजूद नई तकनीकों और ट्रेंड्स को सभी के सामने लाना है। प्लास्टिक को लेकर लोगों में बनी धारणाओं पर उन्होंने कहा कि सिंगल यूज प्लास्टिक को लेकर अभी भी कुछ भ्रम है, जबकि असल चुनौती वेस्ट और लिटरिंग की आदतों से भी जुड़ी है। उन्होंने कहा कि इंदौर स्वच्छता के मामले में लगातार बेहतर प्रदर्शन कर रहा है और शहर में सड़कों पर कचरा कम दिखाई देता है।
उन्होंने दावा किया कि प्लास्टिक से जुड़ी आधुनिक तकनीक के मामले में भारत में काफी काम हो रहा है और प्लास्ट पैक 2026 में इन्हीं तकनीकों को प्रदर्शित किया जाएगा।
युवाओं के लिए क्या होगा खास?
बंसल के मुताबिक, प्लास्ट पैक 2026 में युवाओं के लिए जॉब फेयर और एंटरप्रेन्योरशिप प्रोग्राम भी आयोजित किया जाएगा। युवाओं को प्लास्टिक और पैकेजिंग सेक्टर की लेटेस्ट टेक्नोलॉजी से परिचित कराने के साथ रोजगार और अपना व्यवसाय शुरू करने के अवसरों से जोड़ने की कोशिश की जाएगी।
उन्होंने बताया कि आयोजन को मध्य प्रदेश सरकार की ओर से भी सहयोग मिल रहा है। MPIDC (मध्य प्रदेश इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट कॉरपोरेशन) इस आयोजन में को-पार्टनर की भूमिका में है।

0 Comments