200 से अधिक नव-नियुक्त अभ्यर्थियों को मिला रोजगार

केन्द्रीय राज्यमंत्री श्रीमती ठाकुर और सांसद श्री लालवानी कार्यक्रम में हुए शामिल

इंदौर।  प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आयोजित 20वें राष्ट्रीय रोजगार मेले में देशभर के 51 हजार 606 नव-नियुक्त अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए। इंदौर के ब्रिलियंट कन्वेंशन सेंटर में आयोजित समारोह में 200 से अधिक अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र सौंपे गए। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से संबोधित करते हुए नव-नियुक्त कर्मियों से लोकसेवा की भावना के साथ विकसित भारत के निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया। कार्यक्रम में केन्द्रीय महिला एवं बाल विकास राज्यमंत्री सावित्री ठाकुर, सांसद शंकर लालवानी, संबंधित अधिकारी और बड़ी संख्या में नवनियुक्त कर्मी उपस्थित थे।

सावित्री ठाकुर ने नव-नियुक्त अभ्यर्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य एवं सफल कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने सभी से ईमानदारी, निष्ठा और समर्पण के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करते हुए राष्ट्रसेवा में योगदान देने का आह्वान किया।

इस अवसर पर सांसद शंकर लालवानी ने कहा कि सरकारी सेवा महज रोजगार नहीं, बल्कि समाज और राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी निभाने का अवसर है। प्रधानमंत्री जी द्वारा दिए गए “नागरिक देवो भवः” के मंत्र को आत्मसात करते हुए प्रत्येक कर्मी पूरी निष्ठा और संवेदनशीलता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करे। 

लालवानी ने कहा कि नियुक्ति पत्र प्राप्त करने वाले प्रत्येक अभ्यर्थी के लिए आज का दिन उनके करियर की नई शुरुआत है। अक्टूबर 2022 से संचालित रोजगार मेला अभियान के माध्यम से अब तक लगभग 12.75 लाख नियुक्ति पत्र दिए जा चुके हैं। यह पहल युवाओं को सरकारी सेवा के माध्यम से राष्ट्र निर्माण से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम बनी है। उन्होंने कहा कि विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में देश की युवा शक्ति की भूमिका महत्वपूर्ण है।

Post a Comment

0 Comments