सागर। मध्यप्रदेश के सागर में ऑटो चालक के घर से मिले 3 करोड़ 2 लाख रुपये से ज्यादा कैश के मामले ने नया मोड़ ले लिया है। लोकायुक्त ने मामले की जांच शुरू करते हुए 5 सदस्यीय SIT गठित की है।

मामला गोपालगंज थाना क्षेत्र का है। 16 अगस्त को पुलिस ने ऑटो चालक सौरभ अहिरवार के घर तलाशी के दौरान एक बंद अलमारी से नोटों से भरे बैग बरामद किए थे। गिनती में नकदी 3.02 करोड़ रुपये से ज्यादा निकली।

पूछताछ में सौरभ ने रकम अपने रिश्तेदार और PWD इंजीनियर रमेश अहिरवार की बताई थी, लेकिन इंजीनियर ने पैसे अपने होने से इनकार कर दिया। अब लोकायुक्त की SIT रकम के असली मालिक, पैसे के स्रोत और संबंधित लोगों की संपत्ति व आय की जांच कर रही है।

ताजा रिपोर्टों के मुताबिक, लोकायुक्त ने इंजीनियर रमेश अहिरवार, उनकी पत्नी और दो अन्य लोगों के खिलाफ FIR भी दर्ज की है।

अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि ऑटो चालक के घर पहुंचा करोड़ों का यह कैश आखिर किसका है और इतनी बड़ी रकम का स्रोत क्या है?