निवाड़ी। मध्यप्रदेश के निवाड़ी में मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत लगाए गए शिविर में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक किसान ने आत्महत्या करने की कोशिश की। मौके पर मौजूद लोगों और पुलिस की सक्रियता से युवक को समय रहते बचा लिया गया।
जानकारी के मुताबिक, शक्ति भैरव ग्राम पंचायत में आयोजित जन विश्वास शिविर में ग्रामीणों की समस्याएं सुनी जा रही थीं। इसी दौरान शक्ति भैरव निवासी हरिशंकर उर्फ जंगली ने कार्यक्रम स्थल पर फांसी लगाने का प्रयास किया। युवक का आरोप था कि उसे राशन, आयुष्मान कार्ड और प्रधानमंत्री आवास जैसी सरकारी योजनाओं का लाभ नहीं मिल रहा है।
शिविर में कुल 129 आवेदन और शिकायतें प्राप्त हुई थीं, जिनमें से 63 का मौके पर ही निराकरण किया गया। इसी दौरान युवक की इस कोशिश से मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
बताया गया कि सिंदूर सागर के चौकीदार रामेश्वर केवट और सेंदरी थाना पुलिस की तत्परता से युवक को समय रहते बचा लिया गया।

0 Comments