इंदौर। शहर के ब्रिलियंट कन्वेंशन सेंटर में शनिवार से दो दिवसीय वेस्ट जोन रीजनल कॉन्फ्रेंस की शुरुआत हुई। ‘Enhancing Access to Justice’ थीम पर आयोजित इस सम्मेलन में भारत के मुख्य न्यायाधीश जस्टिस सूर्यकांत, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, सुप्रीम कोर्ट और विभिन्न हाईकोर्ट के न्यायाधीशों सहित न्यायिक एवं विधिक सेवा क्षेत्र से जुड़े कई वरिष्ठ अधिकारी शामिल हो रहे हैं।
सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य आम लोगों तक न्याय की पहुंच को आसान बनाना और जरूरतमंद लोगों के लिए विधिक सेवाओं को अधिक प्रभावी बनाना है। सम्मेलन का आयोजन राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (NALSA), मध्यप्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण और मध्यप्रदेश हाईकोर्ट के संयुक्त तत्वावधान में किया जा रहा है।
कार्यक्रम में सुप्रीम कोर्ट के जस्टिस विक्रम नाथ, जस्टिस मनमोहन सहित अन्य न्यायाधीश और मध्यप्रदेश हाईकोर्ट के कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश जस्टिस विवेक रूसिया भी मौजूद हैं। केंद्रीय कानून एवं न्याय राज्य मंत्री अर्जुन राम मेघवाल समेत पश्चिमी क्षेत्र के विभिन्न राज्यों के हाईकोर्ट के न्यायाधीश और विधिक सेवा प्राधिकरणों के अधिकारी भी सम्मेलन में हिस्सा ले रहे हैं।
‘द टेपेस्ट्री ऑफ जस्टिस’ प्रदर्शनी का उद्घाटन
सम्मेलन के पहले दिन ‘द टेपेस्ट्री ऑफ जस्टिस’ प्रदर्शनी का उद्घाटन CJI जस्टिस सूर्यकांत ने किया। प्रदर्शनी में विधिक सेवाओं में हो रहे बदलाव, नए प्रयोग और समाज के जरूरतमंद वर्गों तक कानूनी सहायता पहुंचाने के प्रयासों को प्रदर्शित किया जा रहा है।
इसके बाद तकनीकी सत्रों में मध्यस्थता, सामुदायिक समाधान और न्यायिक प्रक्रिया को अधिक समावेशी बनाने जैसे विषयों पर चर्चा हो रही है। सम्मेलन में इस बात पर भी मंथन किया जा रहा है कि छोटे-बड़े विवादों का समाधान केवल अदालतों तक सीमित न रहे, बल्कि बातचीत और मध्यस्थता के माध्यम से भी प्रभावी तरीके से किया जा सके।
CJI जस्टिस सूर्यकांत शुक्रवार रात ही इंदौर पहुंच गए थे। एयरपोर्ट पर महापौर पुष्यमित्र भार्गव और हाईकोर्ट बार एसोसिएशन के अध्यक्ष मनीष यादव एवं पदाधिकारियों ने उनका स्वागत किया। सम्मेलन का दूसरा दिन रविवार को भी जारी रहेगा।

0 Comments