इंदौर। स्वतंत्रता दिवस के मौके पर स्कूल के बच्चों को बांटने के लिए लाए गए लड्डुओं में कीड़े मिलने का मामला सामने आया है। मामला धामनाई पंचायत के सोनपुरा गांव का बताया जा रहा है। यहां माध्यमिक स्कूल के बच्चों को करीब 40 किलो लड्डू वितरित किए जा रहे थे।
वितरण के दौरान करीब 8 साल की बच्ची ने लड्डू में कीड़ा होने की शिकायत की। इसके बाद ग्रामीणों ने लड्डुओं का वितरण रुकवाकर पुलिस को सूचना दी। दो बच्चों के पेट में दर्द की शिकायत भी सामने आने की बात कही गई है।
जानकारी मिलने के बाद खाद्य विभाग की टीम खजराना स्थित उस दुकान पर पहुंची, जहां से लड्डू खरीदे गए थे। टीम ने लड्डुओं को जब्त कर दुकान सील कर दी और सैंपल जांच के लिए भेजे हैं। जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
सरपंच सीताराम चौहान के मुताबिक, स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रम के लिए पंचायत की ओर से करीब 40 किलो लड्डू खरीदे गए थे।

0 Comments