कार्यक्रम में पूर्व सैनिक, चिकित्सक, शिक्षक, विद्यार्थी और विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े नागरिक शामिल होंगे। आयोजन का उद्देश्य युवाओं में देशभक्ति की भावना के साथ राष्ट्रीय सुरक्षा और राष्ट्र निर्माण के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।
भारत की रणनीतिक दिशा पर होगा विशेष व्याख्यान
कार्यक्रम में सेवानिवृत्त लेफ्टिनेंट कर्नल यादवेन्द्र जादौन "भारत की रणनीतिक दिशा : एक परिप्रेक्ष्य" विषय पर व्याख्यान देंगे। वे कारगिल युद्ध के बाद भारत की बदलती रणनीतिक सोच, राष्ट्रीय सुरक्षा, सीमाओं पर नई चुनौतियां, ऑपरेशन सिंदूर, रक्षा तैयारियों और इंडो-पैसिफिक क्षेत्र में भारत की भूमिका जैसे विषयों पर प्रकाश डालेंगे।
डिजिटल युग में भारतीय विरासत पर बोलेगी डॉ. संध्या चौकसे
एलएनसीटी की एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर डॉ. संध्या चौकसे "डिजिटल युग में भारतीय विरासत : अतीत का संरक्षण और भविष्य का निर्माण" विषय पर व्याख्यान देंगी। वे बताएंगी कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, वर्चुअल रियलिटी, एनिमेशन और डिजिटल स्टोरीटेलिंग जैसे आधुनिक माध्यमों के जरिए भारतीय इतिहास, संस्कृति और गौरवशाली विरासत को नई पीढ़ी तक प्रभावी ढंग से कैसे पहुंचाया जा सकता है।
युवाओं के लिए राष्ट्रीय सुरक्षा को समझना जरूरी: डॉ. संदीप जुल्का
टीम हेल्थकेयर सोल्जर्स के संस्थापक एवं हार्मोन रोग विशेषज्ञ डॉ. संदीप जुल्का ने कहा कि कारगिल विजय दिवस केवल 1999 की ऐतिहासिक जीत का स्मरण नहीं है, बल्कि यह भारत की मजबूत होती रक्षा रणनीति और सुरक्षा व्यवस्था का भी प्रतीक है। उन्होंने कहा कि कारगिल से लेकर हाल के ऑपरेशन सिंदूर तक भारतीय सशस्त्र बलों ने साहस, संयम और आधुनिक सैन्य रणनीति का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है।
उन्होंने कहा कि आज के युवाओं के लिए इतिहास जानने के साथ-साथ राष्ट्रीय सुरक्षा, बदलते वैश्विक परिदृश्य और राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका को समझना भी बेहद आवश्यक है।
राष्ट्रीय सुरक्षा में जागरूक नागरिकों की भी अहम भूमिका
लेफ्टिनेंट कर्नल (सेवानिवृत्त) यादवेन्द्र जादौन ने कहा कि बदलते युद्ध स्वरूप, आधुनिक तकनीक और वैश्विक सुरक्षा चुनौतियों को समझना आज की युवा पीढ़ी के लिए जरूरी है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय सुरक्षा केवल सेना की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि जागरूक नागरिकों की भागीदारी भी उतनी ही महत्वपूर्ण है।
सुबह होगा विद्यार्थियों के लिए देशभक्ति कार्यक्रम
डॉ. जुल्का ने बताया कि कारगिल विजय दिवस के उपलक्ष्य में सुबह विद्यार्थियों के लिए भी विशेष देशभक्ति कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसमें सिक्का स्कूल, डीपीएस इंदौर, लॉरेल्स इंटरनेशनल स्कूल, मां उमिया गर्ल्स स्कूल, एक्रोपोलिस कॉलेज, एलएनसीटी कॉलेज, एनसीसी, बीएसएफ बैंड और शिशुकुंज स्कूल के छात्र भाग लेंगे।
उन्होंने बताया कि कार्यक्रम का सीधा प्रसारण यूट्यूब पर भी किया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक लोग इस आयोजन से जुड़ सकें।

0 Comments