भोपाल। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में खाकी एक बार फिर सवालों के घेरे में है। जहांगीराबाद थाना क्षेत्र में 17 वर्षीय नाबालिग से दुष्कर्म के आरोप में स्पेशल आर्म्ड फोर्स (SAF) के दो आरक्षकों को गिरफ्तार किया गया है। मुख्य आरोपी पर नाबालिग से दुष्कर्म करने का आरोप है, जबकि दूसरे आरक्षक पर वारदात के दौरान बाहर पहरा देने का आरोप लगा है।
जानकारी के अनुसार, आरोपी संतोष सेन, जो धार में पदस्थ है, ने अपनी बेटी के जन्मदिन का बहाना बनाकर नाबालिग को बुलाया। इसके बाद उसे एक मकान में ले जाकर कथित रूप से दुष्कर्म किया। घटना के दौरान दूसरा आरोपी जितेंद्र राजपूत, जो ग्वालियर में पदस्थ है, बाहर निगरानी करता रहा। दोनों आरोपी विवाहित बताए जा रहे हैं।
पीड़िता की शिकायत के आधार पर पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ POCSO Act, SC/ST Act और भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। शुरुआती कार्रवाई कमला नगर थाने में जीरो एफआईआर के रूप में की गई थी, जिसे बाद में जहांगीराबाद थाने स्थानांतरित कर जांच शुरू की गई।
इस घटना ने पुलिस विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। मामले की जांच जारी है और पुलिस का कहना है कि साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

0 Comments