भोपाल AIIMS में CBI का बड़ा एक्शन, ऑपरेशन के नाम पर कथित ₹12 हजार की रिश्वत लेते नर्सिंग ऑफिसर गिरफ्तार



भोपाल। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (AIIMS) में केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) ने भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक नर्सिंग ऑफिसर को ₹12,000 की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया। आरोप है कि मरीज के दूसरे ऑपरेशन के लिए परिजनों से पहले ₹16,500 और बाद में ₹12,000 की मांग की गई थी। शिकायत की पुष्टि होने के बाद सीबीआई ने ट्रैप कार्रवाई कर आरोपी को पकड़ लिया।

जानकारी के अनुसार, शाजापुर निवासी विनोद मेवाड़ा अपनी मां का इलाज कराने भोपाल AIIMS पहुंचे थे। उनकी मां आयुष्मान कार्ड योजना की पात्र मरीज हैं और 21 जुलाई को उनकी कमर का पहला ऑपरेशन हुआ था। इसके बाद डॉक्टरों ने दूसरे ऑपरेशन की जरूरत बताई। आरोप है कि 22 जुलाई को गिरधारी चौधरी नामक व्यक्ति वार्ड में पहुंचा और ऑपरेशन में इस्तेमाल होने वाले उपकरणों के नाम पर पहले ₹16,500 की मांग की। बाद में उसने कहा कि ₹12,000 देने पर ऑपरेशन कराया जाएगा।

पीड़ित ने रिश्वत मांगने की शिकायत सीबीआई से की। जांच में शिकायत सही पाए जाने के बाद सीबीआई ने जाल बिछाया और आरोपी नर्सिंग ऑफिसर को ₹12,000 की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई के बाद AIIMS परिसर में हड़कंप मच गया।

सीबीआई अब मामले में आगे की जांच कर रही है और यह पता लगाया जा रहा है कि इस प्रकरण में कोई अन्य व्यक्ति भी शामिल था या नहीं।

Post a Comment

0 Comments