शराब की दुकान के बाहर बैठे डॉक्टर, ग्राहकों का हो रहा हेल्थ चेकअप; जानिए वजह

 मध्य प्रदेश के सागर में शराब दुकानों के बाहर डॉक्टरों की टीमें ग्राहकों का स्वास्थ्य परीक्षण कर रही हैं। बंडा में शराब से हुई मौतों के बाद प्रशासन ने यह अभियान शुरू किया है।

सागर। मध्य प्रदेश के सागर जिले में शराब दुकानों के बाहर स्वास्थ्य जांच शिविर लगाए जा रहे हैं। आबकारी और स्वास्थ्य विभाग की संयुक्त टीमें शराब खरीदने पहुंच रहे लोगों का स्वैच्छिक स्वास्थ्य परीक्षण और काउंसलिंग कर रही हैं।

दरअसल, जिले के बंडा क्षेत्र में जहरीली शराब से हुई मौतों के बाद प्रशासन सतर्क हुआ है। जांच में मृतकों के पहले से लिवर और किडनी जैसी गंभीर बीमारियों से पीड़ित होने की बात सामने आई थी।

कलेक्टर दिलीप कुमार यादव के निर्देश पर शुरू हुए इस अभियान में सागर, देवरी, रहली, बीना और खुरई में सोमवार को 97 लोगों की स्वास्थ्य जांच की गई। लोगों को शराब के नुकसान समझाकर इसे छोड़ने की सलाह भी दी जा रही है। अभियान आगे भी जारी रहेगा। 

Post a Comment

0 Comments