इंदौर के कनाड़िया बायपास स्थित हनुमान मंदिर के पास रविवार सुबह नर्मदा की डिस्ट्रीब्यूशन लाइन फूट गई। सड़क पर पानी बहने के बाद नगर निगम ने मरम्मत शुरू कराई।
इंदौर। शहर में संभावित जलसंकट की आशंका के बीच पानी की बर्बादी का मामला सामने आया है। रविवार सुबह करीब 10 बजे कनाड़िया बायपास स्थित हनुमान मंदिर के पास नर्मदा की डिस्ट्रीब्यूशन लाइन फूट गई। इसके चलते बड़ी मात्रा में पानी सड़क पर बहने लगा।
घटना की जानकारी मिलते ही नगर निगम की टीम मौके पर पहुंची और मरम्मत का काम शुरू कराया। जलकार्य प्रभारी अभिषेक शर्मा बबलू के अनुसार, निगम अधिकारियों को लाइन फूटने की सूचना मिलते ही सुधार कार्य शुरू कर दिया गया था।
उन्होंने बताया कि फूटी हुई लाइन मुख्य पाइपलाइन नहीं, बल्कि डिस्ट्रीब्यूशन लाइन है। लाइन किस वजह से फूटी, इसका स्पष्ट कारण सामने नहीं आया है। हालांकि, आशंका जताई जा रही है कि पानी के अधिक प्रेशर के कारण पाइपलाइन क्षतिग्रस्त हुई।
अधिकारियों के मुताबिक, मरम्मत का काम पूरा होने के बाद पानी की सप्लाई सामान्य रहेगी और लोगों को परेशानी नहीं होगी।
गौरतलब है कि इंदौर में कम बारिश के चलते आने वाले दिनों में जलसंकट की आशंका जताई जा रही है। ऐसे में एक ओर पानी बचाने की अपील की जा रही है, वहीं दूसरी ओर पाइपलाइन फूटने से बड़ी मात्रा में पानी सड़क पर बह गया।

0 Comments