स्वच्छता में नंबर वन का खिताब छिनने पर कांग्रेस का अनोखा प्रदर्शन, राजवाड़ा पर मंजीरे बजाकर महापौर को जगाया

स्वच्छता सर्वेक्षण में इंदौर को नंबर वन का खिताब नहीं मिलने पर कांग्रेस का राजवाड़ा में प्रदर्शन। चिंटू चौकसे ने महापौर और नगर निगम पर सवाल उठाए।

इंदौर। स्वच्छता सर्वेक्षण में देश के स्वच्छतम शहर का खिताब इस बार इंदौर को नहीं मिलने पर कांग्रेस ने अनोखे अंदाज में विरोध दर्ज कराया। कांग्रेस नेताओं ने राजवाड़ा स्थित मां अहिल्या की प्रतिमा के सामने मंजीरे बजाकर प्रदर्शन किया। कांग्रेस का कहना है कि इस प्रदर्शन के जरिए महापौर और नगर निगम को जगाने का प्रयास किया जा रहा है।

कांग्रेस नेता चिंटू चौकसे ने कहा कि स्वच्छता के मामले में इंदौर का इस बार कहीं भी रेस में शामिल नहीं होना शहर के लिए बेहद निराशाजनक है। उन्होंने महापौर के उस बयान पर भी सवाल उठाए, जिसमें कुछ दिनों बाद आंकड़े आने की बात कही जा रही है। चौकसे ने कहा कि आंकड़े आने के बाद क्या इंदौर को फिर से नंबर वन का खिताब मिल जाएगा?

उन्होंने कहा कि यदि सर्वेक्षण के आंकड़ों में कोई गड़बड़ी हुई है तो केंद्र सरकार के मंत्री से शिकायत करनी चाहिए। चौकसे ने महापौर और नगर निगम पर निशाना साधते हुए कहा कि कुंभकर्णी नींद में सोए महापौर और निगम प्रशासन को जगाने के लिए कांग्रेस मंजीरे बजा रही है।

प्रदर्शन में पार्षद राजू भदौरिया, प्रदेश प्रवक्ता राजेश चौकसे, अमन बजाज, देवेंद्र यादव, प्रमोद द्विवेदी, पिंटू जोशी, संजय बाकलीवाल समेत अन्य सदस्य मौजूद रहे।

Post a Comment

0 Comments