जनविश्वास शिविर में आकाश विजयवर्गीय ने अधिकारियों से मांगा जवाब, सुभाष स्कूल का भी किया निरीक्षण

इंदौर की विधानसभा-1 में जनविश्वास अभियान शिविर के दौरान आकाश विजयवर्गीय ने खाद्यान्न पर्ची की शिकायतों पर अधिकारियों से जवाब मांगा। कलेक्टर शिवम वर्मा और निगम आयुक्त क्षितिज सिंघल के साथ सुभाष स्कूल का निरीक्षण कर खेल मैदान और सुविधाएं बढ़ाने के निर्देश दिए।

इंदौर। विधानसभा-1 के रामगंज जिंसी क्षेत्र में शुक्रवार को मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान शिविर आयोजित किया गया। इस दौरान पूर्व विधायक आकाश विजयवर्गीय ने लोगों की समस्याएं सुनीं और खाद्यान्न पर्ची से जुड़ी शिकायतों पर संबंधित अधिकारी को मंच पर बुलाकर जवाब मांगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कोई भी जरूरतमंद सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे।

आकाश विजयवर्गीय ने कम बारिश को देखते हुए भविष्य के जल संकट से निपटने के लिए कार्ययोजना बनाने और विकास कार्यों की नियमित समीक्षा करने की बात कही।

इससे पहले उन्होंने कलेक्टर शिवम वर्मा और निगम आयुक्त क्षितिज सिंघल के साथ बड़ा गणपति स्थित सुभाष स्कूल का निरीक्षण किया। यहां खेल मैदान बनाने और बच्चों को खेल सामग्री उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि विधायक कैलाश विजयवर्गीय ने स्कूल के विकास के लिए 25 लाख रुपये दिए हैं। इस दौरान बच्चों से बातचीत कर उनकी समस्याएं भी जानीं।

Post a Comment

0 Comments