खातेगांव जा रहे दो साडू भाइयों को बोलेरो ने मारी टक्कर, एक की मौत

हरदा-खातेगांव मार्ग पर बोलेरो की टक्कर से बाइक सवार दीपक गौर की मौत हो गई। हादसे में उनके रिश्तेदार सत्यनारायण गौर घायल हुए हैं।

हरदा। नागपुर-इंदौर फोरलेन पर शुक्रवार सुबह तेज रफ्तार बोलेरो ने बाइक सवार दो लोगों को टक्कर मार दी। हादसे में चौकड़ी निवासी दीपक गौर (32) की जान चली गई, जबकि उनके साडू भाई सत्यनारायण गौर (40) घायल हो गए।

दोनों काम के सिलसिले में हरदा से खातेगांव जा रहे थे। सुबह करीब 6 बजे संदलपुर और खातेगांव के बीच रांग साइड से आई बोलेरो ने उनकी बाइक को चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सड़क से नीचे जा गिरी।

घटना के बाद बोलेरो चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन दीपक की मौत हो चुकी थी। सत्यनारायण का हाथ टूटने के कारण उपचार जारी है। दीपक अपने पीछे दो साल का बेटा छोड़ गए हैं।

Post a Comment

0 Comments