इंदौर। सेवा और परोपकार की नगरी इन्दौर ने आज फिर मानवता के प्रति अपनी संवेदनशीलता का परिचय दिया। शहर के दो प्रतिष्ठित परिवारों ने अपनों को खोने की गहरी पीड़ा के बीच अत्यंत सराहनीय और प्रेरक निर्णय लेते हुए मरणोपरांत अंग एवं देहदान किया। मध्य प्रदेश शासन द्वारा जारी आदेश अनुसार दिवंगत देहदानियों के सम्मान में इंदौर पुलिस प्रशासन द्वारा अंतिम विदाई समारोह में समाज जनों की उपस्थिति में गार्ड ऑफ आनर प्रदान किया गया। दोनों पार्थिव देह मेडिकल कॉलेज के विद्यार्थियों के अध्ययन और चिकित्सा शोध के लिए समर्पित की गईं। उसके पूर्व उनके नेत्रदान एमके इंटरनेशनल आई बैंक में एवं त्वचा दान चोइथराम स्किन बैंक में संपन्न हुआ।
बैकुंठ धाम कॉलोनी इंदौर निवासी श्रीमती कमलाबाई समरथमल संघवी के निधन के पश्चात संघवी परिवार (नरेन्द्र, सुनील, मधु, उमरावमल, दिलीप संघवी एवं समस्त परिवारजन) ने उनके अंग एवं देहदान का संकल्प पूरा किया। श्रीमती संघवी के अंग एवं देहदान में दिवंगत के भतीजे श्री पंकज संघवी एवं सेवा भारती के श्री रूपेंद्र जैन द्वारा समन्वय सेवा प्राप्त हुई।
समाजसेवा में सदैव अग्रणी रहने वाले श्री हंसराज जैन ने जीवनपर्यंत समाज को दिशा दी और मृत्यु के पश्चात भी अपना शरीर चिकित्सा विज्ञान की उन्नति के लिए दान कर अमरत्व प्राप्त किया। वे अनेक शैक्षणिक, चिकित्सा एवं सामाजिक संस्थाओं के अग्रणीय कार्यकर्ता थे। महज 25 दिन पूर्व श्री हंसराज के अनुज श्री देवेंद्र कुमार जैन का भी निधन हुआ था एवं उनके भी अंग एवं देहदान शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय खंडवा में किया गया था।
इस कार्य में समन्वय सेवा दिवंगत के भतीजे श्री शैलेश जैन, श्री विकास मुथा एवं श्री मुकेश थावरानी द्वारा प्राप्त हुई। दोनों ही दिवंगत के नेत्रदान एमके इंटरनेशनल आई बैंक में एवं त्वचा दान चोइथराम स्किन बैंक में संपन्न हुआ।
स्व. श्रीमती संघवी की बॉडी डोनेशन ऐलनसिटी मेडिकल कॉलेज इंदौर में एवं स्व. श्री हंसराज जैन का बॉडी डोनेशन सेम कॉलेज आफ आयुर्वेदिक साइंस भोपाल में संपन्न हुआ।
मुस्कान ग्रुप पारमार्थिक ट्रस्ट के सहयोग से दोनों देहदान की प्रक्रिया सम्मानपूर्वक पूर्ण की गई। उल्लेखनीय है कि विगत दिनों भी इंदौर निवासी श्रीमती आशा लता काबरा के नेत्रदान एम के इंटरनेशनल आई बैंक में एवं देहदान कर्मचारी राज्य बीमा निगम चिकित्सा महाविद्यालय इंदौर में संपन्न हुआ था।


0 Comments