बिसलेरी के पानी पर FSSAI की कार्रवाई, गोवा प्लांट के सैंपल में मिली गड़बड़ी; कंपनी ने दी सफाई

 FSSAI ने बिसलेरी के गोवा प्लांट से लिए गए पानी के सैंपल में गड़बड़ी मिलने के बाद अभियोजन की मंजूरी दी। कंपनी ने जांच रिपोर्ट पर सफाई देते हुए अपने उत्पाद को सुरक्षित बताया है।

देश की जानी-मानी पैकेज्ड ड्रिंकिंग वाटर कंपनी बिसलेरी को लेकर बड़ा मामला सामने आया है। भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) ने कंपनी के गोवा प्लांट से लिए गए पानी के एक सैंपल को सुरक्षा मानकों के अनुरूप नहीं पाया। इसके बाद कंपनी के खिलाफ अभियोजन चलाने की मंजूरी दी गई है।

जानकारी के मुताबिक, जांच के दौरान पानी के सैंपल में ब्रोमेट की मात्रा निर्धारित सीमा से अधिक पाई गई थी। वहीं, दोबारा जांच में पॉलीसाइक्लिक एरोमैटिक हाइड्रोकार्बन (PAHs) की मौजूदगी सामने आई। इन नतीजों के आधार पर खाद्य सुरक्षा प्राधिकरण ने कार्रवाई की प्रक्रिया आगे बढ़ाई।

बिसलेरी ने क्या कहा?

मामले पर कंपनी ने सफाई देते हुए कहा कि यह सितंबर 2025 में गोवा प्लांट में तैयार किए गए एक बैच से जुड़ा है। कंपनी का दावा है कि स्वतंत्र प्रयोगशाला की जांच में ब्रोमेट की मात्रा निर्धारित सीमा के भीतर पाई गई थी। बिसलेरी ने अपने उत्पाद को सुरक्षित बताते हुए संबंधित अधिकारियों के साथ सहयोग करने की बात कही है।

इस मामले के सामने आने के बाद पैकेज्ड ड्रिंकिंग वाटर की गुणवत्ता और उसकी जांच को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। हालांकि, यह मामला एक विशेष बैच के सैंपल से जुड़ा है। इसे बाजार में उपलब्ध बिसलेरी की सभी बोतलों के असुरक्षित होने का प्रमाण नहीं माना जा सकता।

Post a Comment

0 Comments