खरगोन के भकलाय गांव में जमीन का सीमांकन करने पहुंची राजस्व टीम पर हमला हुआ। RI अभिषेक जमरा का पैर फ्रैक्चर हो गया, जबकि पटवारी राजा कुमार गंभीर रूप से घायल हुए। दोनों को इंदौर रेफर किया गया है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है।
खरगोन। मध्य प्रदेश के खरगोन जिले की महेश्वर तहसील के ग्राम भकलाय में जमीन का सीमांकन करने पहुंची राजस्व विभाग की टीम पर लाठी-डंडों और धारदार हथियारों से हमला कर दिया गया। घटना में राजस्व निरीक्षक (RI) अभिषेक जमरा का पैर फ्रैक्चर हो गया, जबकि पटवारी राजा कुमार के सिर में गंभीर चोट आई है। प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को इंदौर रेफर किया गया।
जानकारी के अनुसार, शनिवार दोपहर जितेंद्र परमार के आवेदन पर राजस्व टीम जमीन का सीमांकन करने गांव पहुंची थी। टीम के काम शुरू करते ही कुछ लोगों ने अचानक हमला कर दिया। हमलावरों में महिलाओं सहित 20 से अधिक लोगों के शामिल होने की जानकारी सामने आई है।
घटना की सूचना मिलने पर एसडीएम पूर्वा मंडलोई और एसडीओपी श्वेता शुक्ला सहित अन्य अधिकारी अस्पताल पहुंचे। वहीं, राजस्व कर्मचारियों ने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग करते हुए नाराजगी जताई।
पुलिस ने चार नामजद आरोपियों सहित 20 से अधिक लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।

0 Comments