इंदौर के सराफा बाजार से जुड़ा एक युवा कारोबारी उत्तराखंड की धार्मिक यात्रा पर निकला था, लेकिन यह सफर उसकी जिंदगी का आखिरी सफर बन गया। 27 वर्षीय तिलक शर्मा की आदि कैलाश में दर्शन के बाद लौटते समय तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई।
जानकारी के मुताबिक, तिलक अपने सात दोस्तों के साथ कार से उत्तराखंड घूमने गए थे। यात्रा के दौरान उन्होंने कई धार्मिक स्थलों के दर्शन किए। आदि कैलाश पहुंचकर दर्शन करने के बाद वापसी में उन्हें सांस लेने में दिक्कत होने लगी। दोस्तों ने ऑक्सीजन किट से मदद की और सेना के बेस कैंप तक पहुंचाया, लेकिन तमाम कोशिशों के बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सका।
तिलक इंदौर के सराफा बाजार में चांदी के आभूषण और धार्मिक श्रृंगार सामग्री बनाने का काम करते थे। उज्जैन के महाकाल मंदिर के लिए भी वे चांदी के मुकुट और अन्य श्रृंगार सामग्री तैयार करते थे।
परिवार के लिए यह हादसा बड़ा सदमा है। तिलक अपने माता-पिता के इकलौते बेटे थे और अगले साल उनकी शादी होने वाली थी। पोस्टमार्टम के बाद उनका पार्थिव शरीर इंदौर लाने की प्रक्रिया की जा रही है।

0 Comments