इंदौर। सुदामा नगर में विकास कार्यों की फाइलें लंबित मिलने पर महापौर पुष्यमित्र भार्गव अधिकारियों पर नाराज हो गए। गुरुवार सुबह निरीक्षण के दौरान उन्होंने कहा कि अधिकारियों के कागजी कामकाज के कारण जनता परेशान हो रही है और सरकार की छवि खराब हो रही है।
महापौर ने ड्रेनेज कार्य में लापरवाही की शिकायतों और ए सेक्टर के बगीचे की बाउंड्रीवॉल के टेंडर के बाद भी वर्कऑर्डर अटके होने पर सवाल उठाए। उन्होंने मौके पर ही अधिकारियों को बुलाकर जवाब मांगा और पूरे मामले की जांच के निर्देश दिए।
महापौर ने लंबित फाइलों की सूची तैयार कर जांच कराने, रिपोर्ट नगर निगम आयुक्त के सामने रखने और एमआईसी में प्रस्तुत करने को कहा। साथ ही, दोषी अधिकारियों पर कार्रवाई के निर्देश देते हुए स्पष्ट किया कि विकास कार्यों में अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

0 Comments