धार में भीषण हादसा! पुलिया के नीचे गिरी कार, सांवरिया सेठ के दर्शन कर लौट रहे 4 दोस्तों की जिंदा जलकर मौत

 धार जिले के सादलपुर क्षेत्र में कार के पुलिया के नीचे गिरने और आग लगने से चार युवकों की मौत हो गई। पांचवां युवक गंभीर रूप से घायल है।

धार। मध्य प्रदेश के धार जिले की बदनावर तहसील में रविवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में चार युवकों की जिंदा जलने से मौत हो गई, जबकि पांचवां युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा सादलपुर थाना क्षेत्र में लेबड़-नयागांव फोरलेन पर सादलपुर और खेरोद के बीच एक ढाबे के पास हुआ।

पुलिस से मिली शुरुआती जानकारी के अनुसार, पांचों दोस्त राजस्थान स्थित सांवरिया सेठ मंदिर में दर्शन करने के बाद कार से घर लौट रहे थे। रात करीब 11:30 बजे उनकी कार के ड्राइवर साइड का टायर फटने से वाहन अनियंत्रित हो गया। कार पुलिया के डिवाइडर से टकराकर नीचे जा गिरी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार का इंजन भी बाहर निकल गया और इसके बाद वाहन में आग लग गई।

हादसे के दौरान एक युवक कार से बाहर निकलने में सफल रहा, लेकिन वह गंभीर रूप से झुलस गया। वहीं, कार में फंसे चार युवकों की आग में जलने से मौत हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस और दमकल की टीम मौके पर पहुंची। आग पर काबू पाने के बाद चारों शवों को बाहर निकालकर धार जिला अस्पताल भेजा गया। घायल युवक को प्राथमिक उपचार के बाद इंदौर रेफर किया गया है।

मृतकों की पहचान अंकुश उर्फ भीम, चेतन चौधरी, अनमोल तिवारी और अभिषेक सोलंकी के रूप में हुई है। घायल युवक का नाम तुषार मंडलोई बताया गया है। सभी युवक धार जिले के सागौर क्षेत्र के निवासी बताए जा रहे हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

Post a Comment

0 Comments