‘छात्रों की गूंज’ से पहले जीतू पटवारी का भाजपा पर हमला, शिक्षा-रोजगार और पेपर लीक को लेकर सरकार से पूछे सवाल

 इंदौर में 19 सितंबर को होने वाले ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम से पहले प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने भाजपा सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने शिक्षा व्यवस्था, पेपर लीक, भर्ती परीक्षाओं में कथित गड़बड़ी और बेरोजगारी को लेकर सरकार से जवाब मांगा। पटवारी ने कहा कि राहुल गांधी कार्यक्रम में छात्रों और युवाओं से करीब एक घंटे तक संवाद करेंगे।

इंदौर। 19 सितंबर को इंदौर में होने वाले कांग्रेस के ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम को लेकर सियासत तेज हो गई है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने भाजपा सरकार पर शिक्षा व्यवस्था, बेरोजगारी और प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित गड़बड़ियों को लेकर निशाना साधा।

पटवारी ने कहा कि प्रदेश के कई स्कूलों की हालत खराब है, शिक्षकों की कमी है और शिक्षा महंगी होती जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि शिक्षा संस्थानों में वैचारिक हस्तक्षेप बढ़ रहा है और सरकार को शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता और वैज्ञानिक सोच पर ध्यान देना चाहिए।

प्रतियोगी परीक्षाओं को लेकर पटवारी ने MPESB, पुलिस भर्ती, नर्सिंग भर्ती और MPPSC का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि युवा सालों तक मेहनत करके परीक्षा की तैयारी करते हैं, लेकिन पेपर लीक या भर्ती में गड़बड़ी होने पर उनकी मेहनत बर्बाद हो जाती है। उन्होंने सरकार से ऐसे मामलों में दोषियों पर कड़ी कार्रवाई को लेकर जवाब मांगा।

पटवारी ने बेरोजगारी का मुद्दा उठाते हुए कहा कि बड़ी संख्या में युवा रोजगार की तलाश में दूसरे राज्यों का रुख कर रहे हैं। उन्होंने सरकार से युवाओं के लिए ठोस रोजगार नीति और पलायन रोकने के उपायों पर जवाब मांगा।

वहीं 19 सितंबर को होने वाले ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम को लेकर पटवारी ने कहा कि राहुल गांधी युवाओं और विद्यार्थियों से करीब एक घंटे तक संवाद करेंगे। कार्यक्रम रीजनल पार्क के सामने स्थित मैदान में होगा। हालिया रिपोर्टों के मुताबिक कांग्रेस ने आयोजन के लिए IDA को 10 लाख रुपये से अधिक की राशि जमा की है। 

कार्यक्रम में राहुल गांधी के संवाद से पहले राघव चैतन्य, Lushcurry और V Unbeatable की प्रस्तुतियां भी प्रस्तावित हैं। 

वहीं पूर्व मंत्री सज्जन सिंह वर्मा ने कहा कि कोटा में हुए ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम में हजारों छात्र शामिल हुए थे। उन्होंने कहा कि अब इंदौर में बड़े स्तर पर यह कार्यक्रम होने जा रहा है और इसमें लाखों छात्रों के शामिल होने की संभावना है।

पटवारी ने कहा कि अगर छात्र अपनी बात रखने इंदौर आ रहे हैं तो इसे राजनीति के तौर पर नहीं देखा जाना चाहिए। कांग्रेस का कहना है कि कार्यक्रम में शिक्षा, रोजगार, भर्ती परीक्षाओं और युवाओं के भविष्य से जुड़े मुद्दों पर चर्चा होगी।

इस दौरान महिला कांग्रेस अध्यक्ष रीना बोरासी, शहर कांग्रेस अध्यक्ष चिंटू चौकसे, जिला अध्यक्ष विपिन वानखेड़े, सत्यनारायण पटेल, नगर निगम नेता प्रतिपक्ष सोनिला मिमरोट, प्रदेश प्रवक्ता राजेश चौकसे, अमित चौरसिया, अमन बजाज, शोभा ओझा समेत कई दिग्गज मौजूद रहे।

Post a Comment

0 Comments