इंदौर। स्वामित्व योजना के कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और भाजपा अध्यक्ष नितिन नबीन ने कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। मोहन यादव ने कहा कि 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक पटवारी घर-घर जाकर रजिस्ट्री कराने का अभियान चलाएंगे। उन्होंने लाड़ली बहना योजना और कांग्रेस के बयानों को लेकर भी हमला बोला।
वहीं नितिन नबीन ने कहा कि “दिल्ली से एक रुपया चलता था तो गरीब तक 15 पैसा पहुंचता था, लेकिन मोदी के नेतृत्व में एक रुपया चलता है तो नीचे भी एक ही पहुंचता है।” BRICS और युवाओं के मुद्दे पर भी उन्होंने विपक्ष को घेरा और राहुल गांधी पर तंज कसा।
इंदौर। स्वामित्व अधिकार अभिलेख निष्पादन एवं पंजीयन योजना-2026 के प्रदेशव्यापी अभियान की शुरुआत के मौके पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने इंदौर में कांग्रेस और विपक्ष पर जमकर निशाना साधा। योजना के तहत ग्रामीण क्षेत्रों की करीब 50 लाख निजी संपत्तियों के अधिकार अभिलेखों का निःशुल्क पंजीयन किया जाना है।मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि “17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक पटवारी घर-घर जाकर रजिस्ट्री कराने का अभियान शुरू हो रहा है।” उन्होंने कहा कि प्रदेश के 55 जिलों और 10 संभागों में जिन लोगों के पास प्रधानमंत्री आवास या निजी मकान हैं, उन्हें इस प्रक्रिया का लाभ मिलेगा।
कांग्रेस पर निशाना साधते हुए मुख्यमंत्री ने कहा, “कांग्रेस के लोग कहते हैं हमको खराब क्यों बोलते हो, बोले नहीं तो क्यों नहीं बोले। कांग्रेस ने फूटी कौड़ी नहीं दी, कांग्रेस झूठ बोलती रही, लेकिन हमारी सरकार ने बाध्य होकर पैसा दिया।”
लाड़ली बहना योजना को लेकर भी यादव ने कांग्रेस पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष कहते हैं कि लाड़ली बहनों को पैसे क्यों देते हो, “ये शराब पी जाती हैं।” उन्होंने कांग्रेस पर तंज कसते हुए कहा कि “जैसा भगवान का नाम लो, कांग्रेस को बिच्छू काट लेता है।”
नितिन नबीन ने विपक्ष पर साधा निशाना
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार की योजनाओं और सेवा अभियानों का उल्लेख करते हुए विपक्ष पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने 140 करोड़ लोगों को विकास से जोड़ने और समाज को आगे बढ़ाने का काम किया है।
राहुल गांधी पर तंज कसते हुए नबीन ने कहा, “तो क्या राहुल बाबा, आपके जन्मदिन पर सेवा दिवस बनाएंगे?”
उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी को मिले विभिन्न देशों के सर्वोच्च सम्मानों का जिक्र करते हुए कहा कि ये सम्मान केवल प्रधानमंत्री का नहीं, बल्कि 140 करोड़ भारतीयों का सम्मान है।
नबीन ने कांग्रेस के पुराने ‘15 पैसे’ वाले आरोप का जिक्र करते हुए कहा, “कहते थे कि दिल्ली से एक रुपया चलता है तो गरीब तक 15 पैसा पहुंचता है। लेकिन हमारे प्रधान सेवक के नेतृत्व में एक रुपया चलता है तो नीचे भी एक ही पहुंचता है।”
BRICS और राष्ट्रहित को लेकर कांग्रेस पर हमला
BRICS को लेकर नबीन ने कहा कि जब पूरी दुनिया की निगाहें दिल्ली पर थीं, तब कांग्रेस को केवल “मेन्यू” दिखाई दे रहा था। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष की सोच में राष्ट्र सबसे ऊपर नहीं है।
उन्होंने कहा, “आप कहते हैं हम देश को जोड़ेंगे, लेकिन जो इस देश के टुकड़े-टुकड़े करने वालों के साथ कदम से कदम मिलाते हैं, तो कहां से जोड़ेंगे?”
नबीन ने विपक्ष पर राजनीतिक स्वार्थ के लिए देश को बांटने का आरोप भी लगाया और कहा कि विपक्ष को आंकड़ों पर नजर डालकर देश में हुए बदलाव को देखना चाहिए।
युवाओं को लेकर भी राहुल गांधी पर तंज
युवाओं के मुद्दे पर नितिन नबीन ने राहुल गांधी को निशाने पर लेते हुए कहा, “आप इन दिनों काफी युवाओं की बात कर रहे हैं। आपके समय में 57 करोड़ युवाओं को ऋण देने की बात कभी सोची भी थी क्या?”
कार्यक्रम के दौरान नितिन नबीन के इंदौर पहुंचने पर एयरपोर्ट से गांधीनगर तक रोड शो भी हुआ, जहां रास्ते में विभिन्न स्थानों पर उनका स्वागत किया गया।



0 Comments