मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने गुरुवार को आलीराजपुर के चंद्रशेखर आजाद नगर में आयोजित बलराम कृषि महोत्सव और अमर शहीद चंद्रशेखर आजाद की 120वीं जयंती कार्यक्रम में जिले को बड़ी सौगात दी। उन्होंने 53.55 करोड़ रुपये के विकास कार्यों का लोकार्पण और 303.34 करोड़ रुपये के कार्यों का भूमि-पूजन किया। साथ ही स्व-सहायता समूह की महिलाओं को 2.10 करोड़ रुपये के ऋण वितरित किए और विभिन्न हितग्राही योजनाओं का लाभ भी दिया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश का पूरा जनजातीय अंचल सरकार के लिए तीर्थ के समान है। उन्होंने घोषणा की कि डही-नर्मदा पाइपलाइन परियोजना का लोकार्पण इसी वर्ष दीपावली तक होगा, जिससे जोबट तक नर्मदा का पानी पहुंचेगा। इसके अलावा भाभरा में चंद्रशेखर आजाद स्मृति पार्क और रानी काजल माता लोक विकसित करने की घोषणा भी की।
मुख्यमंत्री ने समान नागरिक संहिता (यूसीसी) का उल्लेख करते हुए कहा कि यह सभी नागरिकों के हित में है, जबकि जनजातीय परंपराओं का सम्मान करते हुए उन्हें इसके दायरे से बाहर रखा गया है। कार्यक्रम में किसानों, सोशल मीडिया इंफ्लूएंसर्स और विभिन्न योजनाओं के हितग्राहियों का सम्मान भी किया गया।

0 Comments