इंदौर भाजपा के नेता मालिनी गौड़, गौरव रणदिवे, सावन सोनकर, एकलव्य गौड़ और मनोज पटेल ने मुख्यमंत्री मोहन यादव से मुलाकात की। कैलाश विजयवर्गीय के विरोधी खेमे का माने जाने वाले कुछ नेताओं की इस मुलाकात से इंदौर भाजपा में नए सियासी समीकरणों की चर्चा तेज हो गई है।

इंदौर। मध्यप्रदेश की राजनीति में इंदौर भाजपा की अंदरूनी हलचल एक बार फिर चर्चा में है। विधायक मालिनी गौड़, गौरव रणदिवे, सावन सोनकर, एकलव्य गौड़ और विधायक मनोज पटेल ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से मुलाकात की। इसके अलावा इन नेताओं ने विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर और भाजपा के प्रदेश संगठन महामंत्री चंद्रशेखर तिवारी से भी मुलाकात की।

इस मुलाकात के राजनीतिक मायने निकाले जा रहे हैं। दरअसल, मुलाकात करने वाले नेताओं में से कई को मंत्री कैलाश विजयवर्गीय के विरोधी खेमे का माना जाता है। इंदौर भाजपा में समय-समय पर सामने आने वाली गुटबाजी के बीच इन नेताओं का एक साथ मुख्यमंत्री और संगठन के वरिष्ठ नेताओं से मिलना चर्चा का विषय बन गया है।

अब राजनीतिक गलियारों में सवाल उठ रहे हैं कि क्या इंदौर भाजपा में कोई नया समीकरण आकार ले रहा है या फिर यह महज दिवाली मिलन की सामान्य मुलाकात थी?