धार में खड़ी स्लीपर बस में लगी भीषण आग, टायर फूटने से सड़क पर मची अफरा-तफरी

 धार के बाग में टांडा रोड पर खड़ी महादेव बस सर्विस की स्लीपर बस में भीषण आग लग गई। टायर फूटने से सड़क पर यातायात प्रभावित हुआ। दमकल ने आग पर काबू पाया, बस खाली होने से कोई जनहानि नहीं हुई।

धार। जिले के बाग से करीब एक किलोमीटर दूर टांडा रोड पर शनिवार रात सड़क किनारे खड़ी एक यात्री बस में अचानक आग लग गई। रात करीब 8:45 बजे शुरू हुई आग ने देखते ही देखते पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया। आग इतनी भीषण थी कि बस के टायर एक के बाद एक फूटने लगे।

जानकारी के मुताबिक, गुजरात पासिंग की यह स्लीपर बस महादेव बस सर्विस की थी। बस गणपुर से गुजरात के मोरबी के बीच संचालित होती थी और पिछले दो दिनों से सड़क किनारे खड़ी थी। गनीमत रही कि आग लगने के समय बस पूरी तरह खाली थी। उसमें न कोई यात्री था और न ही स्टाफ मौजूद था।

टायर फूटने से थम गया यातायात

आग के कारण बस के टायर फूटने लगे, जिससे टांडा और बाग की ओर आने-जाने वाले वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दमकल विभाग को बुलाया गया। करीब रात 10 बजे दमकल की टीम ने आग पर काबू पाया।

इस घटना में बस की सीटें और टायर जलकर खाक हो गए। राहत की बात यह रही कि हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई। फिलहाल बस में आग लगने का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है।

Post a Comment

0 Comments