ओडिशा विजिलेंस ने सुपरिंटेंडिंग इंजीनियर प्रसंजित दास को भुवनेश्वर में रोका। वाहन और किराए के फ्लैट से कुल ₹21.88 लाख नकद बरामद हुए। मामले में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
भुवनेश्वर। ओडिशा में विजिलेंस विभाग ने भ्रष्टाचार के संदेह में एक वरिष्ठ इंजीनियर के खिलाफ कार्रवाई की है। महानदी नॉर्दर्न डिवीजन, जगतपुर-कटक में पदस्थ सुपरिंटेंडिंग इंजीनियर प्रसंजित दास के पास से कुल ₹21 लाख 88 हजार 620 की नकदी बरामद की गई है। मामले में उन्हें हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
जानकारी के अनुसार, ठेकेदारों से कथित तौर पर रिश्वत वसूली की सूचना मिलने के बाद ओडिशा विजिलेंस की टीम ने शुक्रवार देर रात भुवनेश्वर के एजी चौक के पास उन्हें रोका। उस समय वे आधिकारिक काम के लिए किराए पर लिए गए वाहन में यात्रा कर रहे थे। तलाशी के दौरान उनके पास से ₹7 लाख 28 हजार 620 नकद बरामद हुए।
इसके बाद शनिवार सुबह उनके किराए के फ्लैट और पैतृक घर पर एक साथ तलाशी अभियान चलाया गया। किराए के फ्लैट से अतिरिक्त ₹14 लाख 60 हजार नकद मिले। इस तरह कुल बरामद नकदी ₹21,88,620 हो गई।
विजिलेंस के अनुसार, प्रसंजित दास नकदी के स्रोत के बारे में संतोषजनक जानकारी नहीं दे सके। इसके बाद पूरी राशि जब्त कर ली गई और उन्हें आगे की पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया।
मामले में भुवनेश्वर विजिलेंस थाने में केस दर्ज किया गया है। अधिकारी बरामद रकम के स्रोत और कथित रिश्वतखोरी से उसके संबंधों की जांच कर रहे हैं।

0 Comments